सिवनी में रात में सड़क पर निकले पुलिसवाले: 6 वाहन चालकों से 2700 रुपए वसूले, 50 को समझाइश दी – Seoni News

सिवनी में रात में सड़क पर निकले पुलिसवाले:  6 वाहन चालकों से 2700 रुपए वसूले, 50 को समझाइश दी – Seoni News




कोतवाली पुलिस ने शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रात्रिकालीन गश्त की। पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का दौरा किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहन चालकों और दुकानदारों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। यह गश्त आगामी तीज-त्योहारों के मद्देनजर की गई, जब रात्रिकाल में असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की आशंका रहती है। साथ ही, बाजारों में खरीदारी के कारण भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना भी रहती है। इन संभावित परिस्थितियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि थाना स्टाफ ने रात्रिकालीन रोड पेट्रोलिंग की। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और नदी तटों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस ने सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़े वाहनों को हटवाया और दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने वाहन खड़े न करने की समझाइश दी, ताकि यातायात बाधित न हो। गश्त के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर रहे 6 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2700 रुपए का समन शुल्क वसूला। इसके अतिरिक्त, लगभग 50 वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील करते हुए समझाइश दी गई। पुलिस ने कार से आने-जाने वाले नागरिकों को भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्व उत्पात मचाते दिखाई दें, तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link