गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए नीमच जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। शनिवार को शासकीय बालक उच्च माध्यमिक स्कूल क्रमांक-2 के मैदान पर समारोह की ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’ की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस रिहर्सल में अनुशासन, देशभक्ति और भव्यता का संगम देखने को मिला। परेड और बैंड की धुन से गूंजा मैदान रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया ने परेड का निरीक्षण किया। जवानों के बुलंद नारों और पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। जवानों की कदमताल और तालमेल ने मुख्य समारोह की तैयारियों की पुख्ता झलक पेश की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा ‘मिनी भारत’ मैदान पर केवल परेड ही नहीं, बल्कि स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी कला से सबका मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अभ्यास के दौरान बच्चों ने देश के अलग-अलग राज्यों के नृत्य और गीतों के माध्यम से भारत की अनेकता में एकता का संदेश दिया। ऐसा लग रहा था मानो पूरा भारत नीमच के इस खेल मैदान में सिमट आया हो। तैयारियों का अंतिम जायजा प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे, इसके लिए बारीकी से जांच की। जिला पंचायत सीईओ पराग जैन, एसडीएम संजीव साहू और सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और साफ-सफाई का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि 26 जनवरी को आने वाले नागरिकों और अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। 26 जनवरी काे होगा मुख्य कार्यक्रम मुख्य समारोह की शुरुआत 26 जनवरी को सुबह ठीक 9 बजे ध्वजारोहण के साथ होगी। झंडा वंदन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में साल भर बेहतर कार्य करने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
Source link