मंडला के बिछिया इलाके में रविवार को एसपी रजत सकलेचा खुद सड़क पर उतरे और लोगों को हेलमेट बांटे। घुटास तिराहे पर हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को समझाया कि सड़क पर चलते समय जान की सुरक्षा सबसे जरूरी है। एसपी ने साफ कर दिया कि 26 जनवरी तक पुलिस सबको प्यार से समझा रही है, लेकिन उसके बाद बिना हेलमेट वालों की खैर नहीं होगी और उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। खुद हेलमेट पहनाकर दी सुरक्षा की सलाह एसपी सकलेचा ने बाइक सवारों को हेलमेट पहनाते हुए कहा कि यह सिर्फ पुलिस के डर या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान बचाने के लिए है। उन्होंने अपील की कि बाइक चलाने वाले के साथ-साथ पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट पहनना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने कार चलाने वालों को भी हमेशा सीटबेल्ट लगाने की बात कही, ताकि किसी भी हादसे के समय बचाव हो सके। गांवों में जाकर पुलिस लगा रही है ‘चौपाल’ एसपी ने घुघरी, बिछिया और महाराजपुर थानों का जायजा भी लिया। उन्होंने देखा कि पुलिस की टीमें गांवों में जाकर चौपाल लगा रही हैं और लोगों को ऑनलाइन ठगी, नशे की लत से बचने और महिलाओं की सुरक्षा के बारे में जानकारी दे रही हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से उनके मैदानी अनुभवों के बारे में पूछा और निर्देश दिए कि जनता के बीच जाकर उनका भरोसा जीतें और लोगों को जागरूक करें। गणतंत्र दिवस के बाद होगी सख्ती अभी पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है ताकि लोग नियमों को समझ सकें। इस दौरान बिछिया एसडीओपी सौरभ तिवारी और कई थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे। एसपी ने सभी थानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गणतंत्र दिवस के बाद चेकिंग अभियान में कोई ढील न दी जाए और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
Source link