T20 World Cup 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है. चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सोमवार (26 जनवरी) को प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज शरीफ से मुलाकात की. नकवी ने बैठक के बाद कहा कि इस मामले पर सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है और आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार तक आने की उम्मीद है. बांग्लादेश के बाद अब पाकिस्तान टूर्नामेंट को लेकर ड्रामा कर रहा है. उसने संकेत दिए हैं कि वह टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार भी कर कता है.
बैठक में क्या हुआ?
टूर्नामेंट में टीम की भागीदाी को लेकर आखिरी फैसला पाकिस्तान सरकार को लेना है, जिसकी आधिकारिक घोषणा शुक्रवार (30 जनवरी) या सोमवार (2 फरवरी) को हो सकती है. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को होगी. मोहसिन नकवी ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ आईसीसी के चल रहे मामले पर चर्चा करने के लिए एक सार्थक बैठक की. इसमें प्रधानमंत्री ने सभी विकल्पों पर विचार करने को कहा.
नकवी का आया बयान
मोहसिन नकवी ने एक्स पर लिखा, ”प्रधानमंत्री मियां मुहम्मद नवाज शरीफ के साथ एक सार्थक बैठक हुई. मैंने उन्हें आईसीसी मामले के बारे में बताया और उन्होंने निर्देश दिया कि हम सभी विकल्पों पर विचार करते हुए इसे हल करें. यह तय हुआ कि आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा.”
ये भी पढ़ें: Explained: बांग्लादेश के बाद अब पाकिस्तान की नौटंकी… भारत से मैच पर ‘ग्रहण’, पीसीबी के सामने 5 ऑप्शन
पाकिस्तान ने किया था बांग्लादेश का समर्थन
पाकिस्तान एकमात्र आईसीसी सदस्य देश था जिसने सर्वोच्च संस्था के साथ अपने टकराव में बांग्लादेश का समर्थन किया था. इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए मांग की थी कि उनके वर्ल्ड कप ग्रुप मैच भारत से बाहर शिफ्ट किए जाएं. यह मुद्दा बीसीसीआई द्वारा कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से हटाने के निर्देश के बाद उठा था.
ये भी पढ़ें: Video: थाला ने थामा बल्ला… माही मैजिक के लिए हो जाइए तैयार, IPL में हेलिकॉप्टर से आने वाला है तूफान
आईसीसी अपने फैसले पर अडिग
आईसीसी ने बीसीबी के साथ कई दौर की बातचीत की, लेकिन यह साफ कर दिया कि वर्ल्ड कप के शेड्यूल में बदलाव करना कोई विकल्प नहीं है. बीसीबी के अपने रुख पर कायम रहने के बाद आईसीसी के पास स्कॉटलैंड को रिप्लेसमेंट टीम के रूप में नामित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था, जिससे बांग्लादेश के लिए वर्ल्ड कप के दरवाजे प्रभावी रूप से बंद हो गए. इस घोषणा के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी नाराज हो गए थे. उन्होंने लाहौर में पत्रकारों से कहा था कि आईसीसी द्वारा बांग्लादेश के खिलाफ “अनुचित” कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के लिए अपनी भागीदारी की समीक्षा करने का समय आ गया है.