IND vs NZ 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए गुवाहाटी टी20 में जिस तरह टीम इंडिया ने जीत दर्ज की, उससे हर कोई हैरान है. क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर भी टीम इंडिया की विस्फोटक बल्लेबाजी देखकर यह यकीन नहीं कर पा रहे कि आखिर भारत ने कैसे 10 ओवर में 154 रन चेज कर डाले. मैच के बाद उन्होंने न सिर्फ टीम की तारीफ की, बल्कि विरोधी टीमों की उस हालत के बारे में भी बताया, जो टीम इंडिया की बेखौफ बल्लेबाजी से कहीं न कहीं हो चुकी है. गावस्कर ने यह भी बताया कि तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी में से उन्हें किसकी बैटिंग सबसे बढ़िया लगी.
दरअसल, भारत ने गुवाहाटी में पहले गेंदबाजी में कमाल किया और कीवी टीम को 20 ओवर में 153 रनों पर रोक दिया. फिर बल्लेबाजी में गर्दा उड़ाते हुए 60 गेंदों पर मैच फिनिश कर दिया. मतलब ऐसा क्रिकेट, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. टीम की इस एकतरफा जीत से सुनील गावस्कर गदगद हैं. उन्होंने जियोहॉटस्टार पर मैच के बाद के शो में टीम इंडिया की जमकर तारीफ की. गावस्कर ने कहा, ‘सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, सब कुछ देखिए. उनकी गेंदबाजी, उनकी कैचिंग, उनकी फील्डिंग. वे एक चैंपियन टीम थे.’
टीम इंडिया की तारीफ में क्या बोले गावस्कर?
सुनील गावस्कर ने विरोधी टीमों की हालत का जिक्र करते हुए कहा कि ‘टी20 विश्व कप 2026 से पहले’ इस मैच को देखने वाली हर टीम यह सोचने पर मजबूर हो जाएगी कि अब भारत से मुकाबला कैसे किया जाए. गावस्कर ने कहा कि दूसरी टीमें यही सोचेंगी कि हम इस टीम के खिलाफ क्या करें? हम इस टीम को कैसे रोकें? यह एक ऐसी टीम है, जिसे हराना आसान नहीं है. यह एक ऐसी टीम है, जिसे हराना आसान नहीं होगा.’
भारत ने जब 10 ओवर में 154 रन चेज किए, तो अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में 340 के स्ट्राइक रेट से 68 रन ठोके, जिसमें 5 छक्के और 7 चौके शामिल थे. वहीं सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेलते हुए 26 गेंदों पर 220 के स्ट्राइक रेट से 57 रन बनाए. जब गावस्कर से पूछा गया कि इन दोनों में से किसकी बैटिंग ज्यादा पसंद आई, तो उन्होंने जो कहा, वह आपको भी जानना चाहिए.
गावस्कर ने किसे चुना?
अभिषेक-सूर्या में से किसी एक बल्लेबाज की पारी चुनने के सवाल पर सुनील गावस्कर ने सूर्या के पक्ष में फैसला दिया. उन्होंने कहा, ‘मेरा मतलब है, उन दोनों में से चुनने के लिए बहुत कम मार्जिन है, लेकिन क्योंकि सूर्या ने कुछ बहुत अच्छे शॉट खेले, जैसे ऑफ स्टंप के बाहर से स्वीप करना और वह फ्लिक शॉट, जो छक्के के लिए गया था, मैं कहूंगा कि शायद थोड़ा सा. यह 19-20 का फर्क है.’ गावस्कर ने आगे यह भी कहा कि ‘इस समय किसे फर्क पड़ता है कि अभिषेक इस मैच में बेस्ट थे या सूर्या? क्योंकि भारत जीत रहा है. दोनों अच्छी फॉर्म में हैं. चारों ओर एंटरटेनमेंट है.’
क्यों खास रही भारत की ये जीत?
गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 में भारत की जीत इसलिए खास रही, क्योंकि उसने महज 10वें ओवर में ही 154 रनों का टारगेट हासिल कर लिया. फुल मेंबर नेशंस के तौर पर टीम इंडिया ने यह विश्व रिकॉर्ड बनाकर सभी को हैरान कर दिया. इससे पहले आज तक किसी भी टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 से ज्यादा का टारगेट 10 ओवर में चेज नहीं किया था. यह रिकॉर्ड पहले वेस्टइंडीज के नाम था, जिसने साल 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 37 गेंद शेष रहते जीत हासिल की थी, जबकि भारत ने 60 गेंद बाकी रहते हुए मैच अपने नाम किया. जीत के हीरो जसप्रीत बुमराह रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट निकाले.
ये भी पढ़ें: जीत अब आदत बन गई है….Team India ने T20I में बना डाला नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, देखती रह गई ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान