WPL 2026: ऋचा घोष की तूफानी पारी बेकार… RCB की हार, मुंबई इंडियंस फिर से जीत के रथ पर सवार

WPL 2026: ऋचा घोष की तूफानी पारी बेकार… RCB की हार, मुंबई इंडियंस फिर से जीत के रथ पर सवार


Royal Challengers Bengaluru Women vs Mumbai Indians Women: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को ऋचा घोष की तूफानी पारी के बावजूद मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. सोमवार (26 जनवरी) को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में मुंबई ने 15 रनों से जीत हासिल की. इसके साथ ही उसने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. वह अब पॉइंट्स टेबल में पहले से ज्यादा मजबूत हो गया है.

प्लेऑफ की रेस रोमांचक

आरसीबी लगातार 5 मुकाबले जीतने के साथ अगले दौर में पहुंचने वाली पहली टीम है. इसके बाद उसे लगातार 2 मुकाबले गंवाने पड़े हैं. वहीं, मुंबई इंडियंस के साथ दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जाएंट्स ने 3-3 मुकाबले अपने नाम किए हैं. यूपी वॉरियर्स 6 में से 2 मुकाबले जीतकर पांचवें पायदान पर है. इन चारों टीमों के पास अगले दौर में पहुंचने का मौका है.

Add Zee News as a Preferred Source


मैथ्यूज और ब्रंट ने मचाया तूफान

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 199 रन बनाए. इस टीम ने 16 के स्कोर पर ओपनर सजीवन सजना का विकेट खो दिया था. यहां से नेट सीवर-ब्रंट ने हेली मैथ्यूज के साथ मोर्चा संभाला. दोनों खिलाड़ियों ने 73 गेंदों में 131 रन की साझेदारी करते हुए स्कोर 147 तक पहुंचाया. मैथ्यूज 39 गेंदों में 9 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुईं.

ये भी पढ़ें: WPL में पहला शतक… सबसे ज्यादा रन और अर्धशतक, मुंबई इंडियंस की खिलाड़ी ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

ब्रंट ने जड़ा WPL इतिहास का पहला शतक

ब्रंट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जुटाते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. ब्रंट 57 गेंदों में 1 छक्के और 16 चौकों के साथ 100 रन बनाकर नाबाद रहीं. वह महिला प्रमियर लीग इतिहास में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बनीं. हरमनप्रीत ने 12 गेंदों में 20 रन की पारी खेली. आरसीबी के लिए लॉरेन बेल ने 21 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि नादिन डी क्लार्क और श्रेयंका पाटिल ने 1-1 विकेट हासिल किया.

35 रन पर गिर थे आरसीबी के 5 विकेट

विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 5.1 ओवरों में 35 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन यहां से नादिन डी क्लार्क ने ऋचा घोष के साथ 36 गेंदों में 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. क्लार्क 20 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद घोष ने अरुंधति रेड्डी (14) के साथ 7वें विकेट के लिए 34 गेंदों में 52 रन जुटाए.

ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप पर पाकिस्तान ने बढ़ाया सस्पेंस… नकवी की शरीफ के साथ ‘नौटंकी’, कब लेगा अंतिम फैसला?

ऋचा घोष-श्रेयंका पाटिल ने मैच में लगाई जान

एक पल ऐसा लगा रहा था कि मुंबई इस मुकाबले को बड़े अंतर से अपने नाम करेगी, लेकिन ऋचा ने श्रेयंका पाटिल के साथ महज 18 गेंदों में 55 रन की साझेदारी करते हुए आरसीबी की हार के अंतर को कम कर दिया. ऋचा 50 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि पाटिल ने 5 गेंदों में 3 चौकों के साथ 12 रन बनाए. मुंबई की तरफ से हेली मैथ्यूज ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए. शबनीम इस्माइल और अमेलिया केर को 2-2 विकेट हाथ लगे.  इनके अलावा अमनजोत कौर ने 1 विकेट निकाला.



Source link