T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. 7 दिन बाद भारत और श्रीलंका में T20 क्रिकेट की महफिल सजने वाली है, जिसमें 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. टीम इंडिया खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. हालांकि, ये आसान नहीं होगा क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ है जब कोई टीम लगातार ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही है. वहीं, कभी भी होस्ट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा नहीं किया है. बड़ा सवाल ये है कि सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ‘हिस्ट्री को डिफीट’ कर ‘हिस्ट्री रिपीट’ कर पाएगी?
भारतीय टीम में एक से बढ़कर एक मैच विनर मौजूद हैं. बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे धाकड़ खिलाड़ी हैं, वहीं गेंदबाजी का भार जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के कंधों पर रहेगी. टीम इंडिया के एक खिलाड़ी ऐसा भी है, जिसने T20 क्रिकेट में 384 विकेट लिए हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का ख्वाब अभी तक अधूरा है.
384 विकेट लेकर भी नहीं खेला टी20 वर्ल्ड कप
हम बात कर रहे हैं स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल की, जो अभी भी T20 में सबसे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं. दाएं हाथ के लेग स्पिनर ने अब तक 329 टी20 मुकाबले खेले हैं और 23.60 की औसत से 384 विकेट चटकाए हैं. हालांकि, 35 साल के चहल को अभी तक टी20 वर्ल्ड कप में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है. टी20 इंटरनेशनल में चहल ने 80 मैचों में 96 विकेट झटके हैं.
चहल ने कब खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच?
युजवेंद्र चहल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अगस्त, 2023 में भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था. उसके बाद उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया और वो अभी तक वापसी नहीं कर सके हैं. भारत-न्यूजीलैंड के बीच चल रही सीरीज में वो नए अवतार में दिखे. इस शृंखला में चहल बतौर हिंदी कमेंटेटर की भूमिका में नजर आ रहे हैं. युजवेंद्र चहल के अलावा स्टार बल्लेबाज और दो फॉर्मेट में भारत के कप्तान शुभमन गिल भी उन अनलकी खिलाड़ियों में हैं, जिन्होंने अभी तक टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेला है. इस बार संजू सैमसन को शुभमन पर तरजीह दिया गया है.
ये भी पढ़ें: किस किसको प्यार करूं… 3 हसीनाओं संग इश्क लड़ाएंगे युजवेंद्र चहल? VIRAL फोटो पर किया ऐसा कमेंट, मची खलबली