नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में संजू सैमसन के टीम में रहने के बावजूद ईशान किशन विकेटकीपिंग करते नजर आए. इसके बाद से यह तय माना जा रहा है कि ईशान किशन आगामी टी20 वर्ल्ड कप में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं और सैमसन को मौका मिलना मुश्किल है, जो पूरी सीरीज में आउट ऑफ फॉर्म नजर आए. अपने घर तिरुवनंतपुरम में जहां सैमसन से बड़ी पारी को उम्मीद थी, वो सिर्फ 6 रन ही बना सके. दूसरी ओर, ईशान किशन ने शतक जड़कर तहलका मचाया और पिछले मैचों की तरह एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप की प्लेइंग-11 के लिए अपनी प्रबल दावेदारी पेश कर दी. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि ईशान किशन को कीपिंग कराने का प्लान सीरीज शुरू होने से पहले ही बना लिया गया था.
सूर्यकुमार यादव ने कर दिया साफ
सूर्यकुमार यादव ने सीरीज जीतने के बाद विकेटकीपर को लेकर लिए गए फैसले पर खुलकर बात की. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने बताया कि यह फैसला सीरीज शुरू होने से पहले ही लिया जा चुका था. उन्होंने कहा, ‘तिलक उपलब्ध नहीं थे, इसलिए पहले मैच से ही दोनों विकेटकीपर टीम में शामिल थे. सीरीज शुरू होने से पहले हमने तय किया था कि संजू सैमसन तीन मैचों में विकेटकीपिंग करेंगे और ईशान किशन दो मैचों में.’
सूर्यकुमार यादव ने बताई ईशान किशन के कीपिंग करने की वजह.
बता दें कि ईशान किशन चौथा T20 मैच विशाखापट्टनम में निगल की वजह से नहीं खेल पाए थे. सूर्यकुमार ने आगे कहा, ‘दुर्भाग्य से ईशान पिछला मैच चोट की वजह से नहीं खेल पाए, लेकिन आज वैसे भी उन्हें विकेटकीपिंग करनी थी. वर्ल्ड कप से पहले टीम में इस तरह की प्रतिस्पर्धा और फैसले होना सामान्य बात है.’ ईशान किशन ने इस मैच में शानदार फॉर्म जारी रखते हुए अपना पहला T20 इंटरनेशनल शतक जड़ा. उनकी 103 रन की पारी से भारत ने 271 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और भारत ने मुकाबला 46 रन से जीता.
ईशान किशन ने 42 गेंदों पर जड़ा टी20 का पहला शतक.
ईशान की तारीफ में क्या बोले कप्तान?
ईशान किशन की बैटिंग की तारीफ करते हुए सूर्यकुमार ने कहा कि टीम की उन्हें दी गई सलाह हमेशा एक जैसी रही है. बिना दबाव के, आजादी से खेलो और अपने नेचुरल गेम पर भरोसा रखो. कप्तान ने कहा, ‘हमें पता है कि ईशान टीम के लिए क्या लेकर आते हैं. सीरीज से पहले उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था. हमने उनसे यही कहा कि चाहे वह ओपनिंग करें या नंबर तीन पर बल्लेबाजी करें, अपने खेल की पहचान न बदलें.’
वर्ल्ड कप में बेंच पर बैठेंगे संजू सैमसन?
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों में ओपनिंग करते हुए सिर्फ 46 रन बनाकर संजू सैमसन ने वर्ल्ड कप की प्लेइंग-11 में अपनी जगह को खतरे में डाल लिया है. खासकर तब जब ईशान किशन ने रनों का अंबार लगाया. सैमसन को वर्ल्ड कप के लिए पहले विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में चुना गया, लेकिन उनके खराब फॉर्म ने टीम इंडिया के लिए टेंशन खड़ी कर दी है. टीम के पास ईशान किशन के रूप में ओपनिंग बल्लेबाज का विकल्प है, जो शानदार फॉर्म में हैं और विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं.
संजू सैमसन आखिरी टी20 में भी फ्लॉप
दोनों टॉप ऑर्डर विकेटकीपर-बल्लेबाजों के अलग-अलग प्रदर्शन के बाद भारत की वर्ल्ड कप की प्लेइंग-11 को लेकर सवाल उठने लगे हैं. खासतौर पर यह चर्चा है कि टीम मैनेजमेंट को संजू सैमसन की योजना पर दोबारा सोचना चाहिए या फिर अच्छी फॉर्म में चल रहे ईशान किशन पर भरोसा दिखाना चाहिए. मैनेजमेंट का क्या फैसला रहने वाला है यह तो अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में क्लियर हो जाएगा. इसे लेकर सूर्यकुमार यादव ने भी साफ-साफ कुछ नहीं कहा है.
जब सूर्या से सीधे तौर पर पूछा गया कि ईशान किशन प्लेइंग-11 में होंगे या नहीं, तो उन्होंने पहले तिलक वर्मा की फिटनेस को लेकर बात की. इसके बाद उन्होंने माना कि टीम के लिए यह एक ‘अच्छे सिरदर्द’ की तरह है. सूर्यकुमार ने कहा, ‘अभी हमें तिलक वर्मा की स्थिति पूरी तरह नहीं पता है, लेकिन हमें बताया गया है कि वह अच्छा महसूस कर रहे हैं और उन्होंने बल्लेबाजी शुरू कर दी है. अगर वह वापस आते हैं, तो यह टीम के लिए एक अच्छा सिरदर्द होगा. हमारे पास 15 खिलाड़ी हैं और सभी प्लेइंग XI में जगह बनाने के काबिल हैं. ईशान खेलेंगे या नहीं, इसका जवाब आपको 7 तारीख को ही मिलेगा.’