जिले के हनुमना के बहुती गांव के पास रविवार को बाइक ने 61 साल के बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया, वहीं बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बहुती निवासी रामसिया नामदेव रविवार दोपहर किसी काम से पैदल हाइवे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर ही बेहोश हो गए। वहां से गुजर रहे ट्रैफिक इंचार्ज नरेश प्रताप सिंह की नजर जब उन पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत ऑटो की मदद से उन्हें मऊगंज अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान मौत मऊगंज में शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रीवा रेफर कर दिया। रीवा में इलाज के दौरान शाम करीब 5 बजे रामसिया नामदेव की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया है और बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
Source link