वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पाकिस्तान का बिगड़ा समीकरण, नेट रन रेट करेगा बाहर

वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पाकिस्तान का बिगड़ा समीकरण, नेट रन रेट करेगा बाहर


नई दिल्ली. पाकिस्तान का अपने चिर-प्रतिद्वंदी भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में मैच ना खेलना उसके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है. मैच का बहिष्कार करने का फैसला सलमान अली की टीम के लिए बड़े परिणाम ला सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पर एक्शन लेने का विचार कर रहा है. इसके अलावा एक लीग मैच ना खेलने से दो अंक तो जाएंगे नेट रन रेट भी प्रभावित होगी. इस एक मुकाबले में ना उतरने के फैसले से पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप का समीकरण बिगड़ सकता है.

भारत के खिलाफ मैच ना खेलन पर सबसे पहले तो पाकिस्तान को दो अंक गंवाने पड़ेंगे क्योंकि मैच में न उतरने का फैसला फॉरफिट माना जाएगा. इसका मतलब है कि भारत को दो अंक मिलेंगे, जैसा कि 1996 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के खिलाफ मैच नहीं खेला था, और 2003 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे और केन्या के खिलाफ मैच नहीं खेला था.

पाकिस्तान के नेट रन रेट को पहुंचेगा नुकसान

2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए आईसीसी ने अभी तक प्लेइंग कंडीशंस सार्वजनिक नहीं की हैं, लेकिन उम्मीद है कि ये 2024 टूर्नामेंट जैसी ही होंगी. अगर कोई बदलाव नहीं हुआ, तो पाकिस्तान का नेट रन रेट (एनआरआर) बुरी तरह प्रभावित हो सकता है. इससे टीम को उम्मीद करनी होगी कि भारत अपने बाकी सभी मैच जीत जाए.

क्या कहता है आईसीसी का नेट रन रेट नियम

क्लॉज 16.10.70 के अनुसार अगर कोई टीम मैच छोड़ती है तो इसे लेकर नियम साफ है. ऐसा माना जाएगा कि मैच का बहिष्कार करने वाली टीम ने 20 ओवर में 0 रन बनाए. जिससे उसका रन रेट काफी गिर जाएगा. यानी ग्रुप स्टेज के कुल रन रेट की गणना में 20 ओवर जोड़ दिए जाएंगे, लेकिन रन वही रहेंगे.

पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नीदरलैंड्स, नामीबिया और अमेरिका के साथ है. उम्मीद है कि दोनों एशियाई दिग्गज अपने बाकी ग्रुप मैच जीतेंगे, ऐसे में एनआरआर मायने नहीं रखेगा क्योंकि अंडर-19 वर्ल्ड कप के उलट यहां सुपर आठ स्टेज में एनआरआर आगे नहीं जाएगा.

कैसे बिगड़ेगा पाकिस्तान का समीकरण

अगर भारत अमेरिका, नामीबिया या नीदरलैंड्स में से किसी से हार जाता है और पाकिस्तान अंक तालिका में तीन टीमों के साथ बराबरी पर आ जाता है, तो लगभग तय है कि पाकिस्तान का रन रेट किसी भी टीम से मेल नहीं खा पाएगा, भले ही वह अपने बाकी मैच बड़े अंतर से जीत जाए. अगर पाकिस्तान कोई मैच हारता है, तो उसकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है. यहां तक कि अगर कोई मैच बारिश की वजह से रद्द होता है, तो भी पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ जाएंगी.

क्या भारत के रन रेट पर भी पड़ेगा असर

अगर पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करता है तो भारत को दो अंक मिलेंगे, लेकिन भारत के एनआरआर पर कोई असर नहीं पड़ेगा. दिलचस्प बात यह है कि भारत ग्रुप का आखिरी मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा. ठीक उसी के बाद जब पाकिस्तान नामीबिया के खिलाफ अपना अभियान खत्म करेगा.



Source link