ग्वालियर में सनवैली अपार्टमेंट सिटी सेंटर में रहने वाला एक परिवार उस समय बाल-बाल बच गया, जब ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से कार तो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, पर राहत इस बात की रही कि कार में बैठे किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के निरावली तिराहा पर सोमवार दोपहर की है। सूचना मिलने पर डायल-112 मौके पर पहुंची और ट्रक को निगरानी में लेकर आरोपी चालक को पकड़ लिया है। आरोपी ट्रक चालक को पुरानी छावनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मामला कायम कर जांच में लिया है। शहर के न्यू कलेक्ट्रेट के पास सनवैली अपार्टमेंट निवासी कर्मचन्द्र पुत्र जयप्रकाश कसोधन दोपहर 12 बजे के लगभग अपनी कार से परिवार सहित मथुरा-वृंदावन में परिक्रमा लगाने के लिए घर से निकले थे। अभी वह शहर से निकलकर पुरानी छावनी थाना स्थित ग्वालियर-मुरैना सीमा पर निरावली पॉइंट पर पहुंचे थे कि तभी वहां रेड सिग्नल हो गया तो कार को रोक दिया। ग्रीन सिग्नल होते ही कर्मचंद ने गाड़ी आगे बढ़ाई, उसी समय पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने कार में ड्राइवर साइड टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार में जितने भी लोग सवार थे। वह पूरी तरह से सुरक्षित रहे। घटना के बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। घटना की सूचना देकर DIAL-112 को बुलाया कार में पीछे से टक्कर लगते ही कर्मचंद तुरंत बाहर निकले और ट्रक नम्बर आरजे11जीसी-5656 के चालक को रोक लिया। उसका नाम पूछा तो ट्रक चालक ने रोहतास सिंह बताया। कर्मचंद ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और तब तक ट्रक चालक को पकड़े रहे। जब तक कि मदद के लिए पुलिस नहीं पहुंच गई। डायल-112 का स्टाफ मौके पर पहुंचा और ट्रक चालक रोहतास सिंह को हिरासत में ले लिया और पुरानी छावनी थाने ले गई। फरियादी कार चालक ने मामला दर्ज कराया है। पुरानी छावनी थाना पुलिस का कहना है कि सड़क हादसे पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यही रही है कि हादसे में कोई घायल नहीं है।
Source link