अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगा भारत? जानें कब और कहां आएगा लाइव

अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगा भारत? जानें कब और कहां आएगा लाइव


नई दिल्ली. अब तक खेल के हर हिस्से में अच्छा प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम का आत्मविश्वास बहुत बढ़ा हुआ है और वह बुधवार (4 फरवरी) को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ जीत का सबसे बड़ा दावेदार मानी जा रही है. इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत सबसे ज्यादा बार जीत चुका है. भारत ने पांच बार (2000, 2008, 2012, 2018, 2022) खिताब जीते हैं. उसके बाद ऑस्ट्रेलिया है जिसने चार बार ट्रॉफी जीती है. अब भारत रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने के लिए एक और कदम आगे बढ़ाना चाहेगा.

टूर्नामेंट में अजेय टीम इंडिया
भारत ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया है. उसने अपने सभी पांच मैच आसानी से जीते हैं, जिसमें सुपर सिक्स राउंड में पाकिस्तान पर 58 रन से जीत भी शामिल है. भारतीय टीम अफगानिस्तान को हल्के में नहीं लेगी. अफगानिस्तान ने भी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है. उसने अपने पांच में से चार मैच जीते हैं और सिर्फ श्रीलंका से हारा है. लेकिन खिलाड़ियों की फॉर्म और हर विभाग में अच्छे खेल की वजह से भारत का पलड़ा भारी है.

अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत की अफगानिस्तान से टक्कर.

शानदार फॉर्म में ये बल्लेबाज
विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने शानदार बल्लेबाजी की है. इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पांच मैचों में दो अर्धशतक की मदद से 199 रन बनाए हैं. ओपनर वैभव सूर्यवंशी (पांच मैचों में दो अर्धशतक समेत 196 रन) भी अच्छी फॉर्म में हैं, लेकिन टीम चाहेगी कि वह अपने अर्धशतक को शतक में बदलें. ऑलराउंडर विहान मल्होत्रा (पांच मैचों में 172 रन) भी एक ऐसे बल्लेबाज हैं जिन पर सबकी नजर रहेगी. उन्होंने ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 109 रन बनाए थे.

वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद.

गेंद से कमाल दिखा रहे कप्तान म्हात्रे
कप्तान आयुष म्हात्रे ने गेंदबाजी में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने पांच मैचों में अपनी ऑफ ब्रेक गेंदबाजी से छह विकेट लिए हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत है. उन्होंने पांच मैचों में सिर्फ 99 रन बनाए हैं जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 53 रन है. ओपनर आरोन जॉर्ज की फॉर्म भारत के लिए चिंता की बात है, क्योंकि उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 46 रन बनाए हैं. भारतीय गेंदबाजी की जिम्मेदारी तेज गेंदबाज हेनिल पटेल और आरएस अंबरीश के पास है. इन दोनों को स्पिनर खिलन पटेल का भी अच्छा साथ मिला है, जिन्होंने पांच मैचों में आठ विकेट लिए हैं. म्हात्रे और मल्होत्रा गेंदबाजी में भी योगदान देंगे. मल्होत्रा ने अब तक टूर्नामेंट में अपनी ऑफ ब्रेक गेंदबाजी से पांच विकेट लिए हैं और भारत की तरफ से एकमात्र शतक भी लगाया है.

कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?
यह सेमीफाइनल मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में चार फरवरी को भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजे शुरू होगा. इसका टॉस आधे घंटे पहले दोपहर 12.30 बजे होगा.

कहां देख पाएंगे लाइव?
भारत और अफगानिस्तान की यह सेमीफाइनल भिड़ंत स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट होगी। वहीं, इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर उपलब्ध होगी.

भारत अंडर-19 टीम: आरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश पंगालिया, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन सिंह.

अफगानिस्तान अंडर-19 टीम: महबूब खान (कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, फैसल शिनोजादा, खालिद अहमदजई, उस्मान सादात, उजैरुल्लाह नियाजई, अब्दुल अजीज, अकील खान, खातिर स्टानिकजई, नाजीफुल्लाह अमीरी, नूरिस्तानी उमरजई, रूहुल्लाह अरब, सलाम खान, वहीदुल्लाह जादरान, जैतुल्लाह शाहीन.



Source link