T20 World Cup 2026: इंतजार की घड़ी समाप्त होने वाली है. 3 दिन बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने वाला है. डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया इस बार भी ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. मेगा इवेंट के लिए 19 टीमें तो तैयार हैं, लेकिन 20वीं टीम यानी पाकिस्तान अभी भी ड्रामा कर रहा है. पाकिस्तान सरकार ने ये ऐलान किया कि उनकी टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ नहीं खेलेगी. हालांकि, ये मैच बहिष्कार करने का फैसला पाकिस्तान को महंगा पड़ सकता है.
पाकिस्तान सरकार ने तो भारत के खिलाफ मैच को बहिष्कार करने का फैसला कर लिया है, लेकिन PCB की तरफ से आईसीसी को अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में 3 दिन का वक्त बचा है, लेकिन पाकिस्तान ‘वेटिंग गेम’ खेल रहा है. बता दें कि अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ नहीं खेलता है तो ICC उसे पूरे टूर्नामेंट से भी बाहर का रास्ता दिखा सकती है.
भारत को बिना खेले मिल जाएंगे 2 अंक
मौजूदा स्थिति के अनुसार, अगर 15 फरवरी को पाकिस्तान की टीम भारत के सामने मैदान पर नहीं उतरती है तो सलमान अली आगा की टीम 2 अंक गंवा देगी, क्योंकि मैच में नहीं उतरने का फैसला फॉरफिट माना जाएगा. ICC के नियमानुसार भारत को वॉकओवर के तहत 2 अंक दिए जाएंगे. वहीं, पाकिस्तान के नेट रन रेट पर भी भारी असर पड़ेगा.
पाकिस्तान के नेट रन रेट को लगेगा झटका
दो अंक गंवाने के अलावा पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका नेट रन रेट के संबंध में लगेगा. आईसीसी के खेल नियमों के अनुसार, जो टीम मैच छोड़ देती है, उसे नेट रन रेट पेनल्टी भी भुगतनी पड़ती है. नेट रन रेट मूल रूप से मैच में बनाए गए रन और टारगेट के तौर पर दिए गए रनों को घटाने पर प्राप्त होता है. यदि पाकिस्तान मैच छोड़ देता है, तो उसे 20 ओवरों में 0 रन बनाने वाला माना जाएगा. तीनों मैचों में से किसी एक में भी हारने पर यह उसके नेट रन रेट के लिए बड़ा झटका होगा. पाकिस्तान ग्रुप-ए में है जहां उनका मुकाबला भारत के अलावा अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड से होगा.
USA से पहले भी हार चुका है पाकिस्तान
अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलने के जिद्द पर अड़ा रहता है तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 से उसका सफर ग्रुप स्टेज से ही खत्म हो सकता है. इसकी बड़ी वजह ये है कि 10 फरवरी को उनका सामना USA से है. ये वही टीम है, जिसने 2024 टी20 विश्व कप में पाक को हराकर उन्हें टूर्नामेंट से बाहर किया था. अगर इस बार भी अमेरिकी टीम ने उलटफेर कर दिया तो पाकिस्तान का पैकअप होना तय है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के मुकाबले (ग्रुप स्टेज)
7 फरवरी: पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड- कोलंबो
10 फरवरी: पाकिस्तान बनाम अमेरिका- कोलंबो
15 फरवरी: पाकिस्तान बनाम भारत- कोलंबो
18 फरवरी: पाकिस्तान बनाम नामीबिया- कोलंबो
ये भी पढ़ें: अर्श पर IPL, फर्श पर गिरा ISL… मूल्य में 97% की गिरावट से खलबली, जानें इस ‘पतन’ की 5 बड़ी वजह