विदिशा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जनवरी माह में सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया गया। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा सख्त प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जन जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के अंतर्गत यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 1729 चालान किए गए, जिनसे 7 लाख 80 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। जिलेभर में चला वाहन चेकिंग अभियान पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे तथा अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के सबसे अधिक मामले वाहन जांच के दौरान 818 वाहन चालक बिना हेलमेट, 188 चालक बिना सीट बेल्ट, 34 ओवर स्पीडिंग करते हुए, 72 बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, 5 बिना बीमा और 1 चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी मामलों में मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जागरूकता पर भी रहा विशेष जोर चालानी कार्रवाई के साथ-साथ जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता अभियान भी चलाया गया। “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” थीम पर कुल 585 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 31 हजार 425 लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इन कार्यक्रमों में 11 हजार 714 छात्र, 9 हजार 433 छात्राएं और 10 हजार 278 अन्य नागरिक शामिल रहे। स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर कुल 176 विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, ताकि लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग किया जा सके। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अंधे मोड़ों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य वाहनों पर 7 हजार 134 रेडियम टेप और रिफ्लेक्टर लगाए गए, जिससे रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ाई जा सके। मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से अभियान के दौरान 55 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया। विदिशा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और स्वयं व दूसरों की जान सुरक्षित रह सके।
Source link