MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें: राजा मर्डर केस में दो आरोपी बरी, बाघिन की शावकों संग चहलकदमी, गिरफ्तारी की बनाई रील – Madhya Pradesh News

MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:  राजा मर्डर केस में दो आरोपी बरी, बाघिन की शावकों संग चहलकदमी, गिरफ्तारी की बनाई रील – Madhya Pradesh News


MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

.

दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज क्या रहा खास…

1. राजा मर्डर केस में शिलॉन्ग कोर्ट ने दो को बरी किया

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में शिलॉन्ग कोर्ट ने गार्ड बलवीर सिंह अहिरवार और बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर को सबूतों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। मेघालय पुलिस ने इन्हें सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन डिटेल्ड जांच के बाद हत्या से उनका कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया। पुलिस के मुताबिक, राजा की हत्या के बाद आरोपियों द्वारा सबूत छिपाने की आशंका के आधार पर शुरुआती कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया था कि हत्या के बाद सोनम और विशाल चौहान लसूड़िया स्थित एक बिल्डिंग में रुके थे। यह बिल्डिंग शिलोम जेम्स की बताई गई थी, जिसे ब्रोकर के जरिए हायर किया गया था। रूम का एग्रीमेंट विशाल के नाम पर हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…

2. एमपी में कोहरे के चलते एक्सीडेंट, युवक की मौत

मध्य प्रदेश में बुधवार सुबह घने कोहरे के चलते ग्वालियर में 50 मीटर जबकि दतिया और रीवा में 200 मीटर से कम विजिबिलिटी रही। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें देरी से चलीं। कोहरे के कारण शाजापुर जिले के अकोदिया-शुजालपुर स्टेट हाईवे पर कार और बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। प्रदेश में राजगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 फरवरी को ग्वालियर समेत 11 जिलों में घना कोहरा रहेगा। भोपाल, गुना, अशोक नगर, श्योपुर, शिवपुरी, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, उज्जैन, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, देवास समेत कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। पढ़ें पूरी खबर…

3. गिरफ्तारी को शो-ऑफ में बदला, मुस्कुराते हुए रील बनाई

रीवा में एक अपराधी ने अपनी गिरफ्तारी को शो-ऑफ में बदल दिया। आरोपी ने हथकड़ी लगे हाथों के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में एक पुलिस आरक्षक भी आरोपी के साथ मुस्कुराता नजर आ रहा है। दरअसल, जिला बदर होने के बावजूद शिवम सिंह क्षेत्र में सक्रिय था और पुलिस को उसकी तलाश थी। बुधवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने हथकड़ी लगे हाथों के साथ फोटो और वीडियो बनाए और उन्हें सोशल मीडिया पर स्टेटस और रील के रूप में अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि गिरफ्तारी अपराधियों के लिए डर होनी चाहिए, न कि मनोरंजन का साधन। पढ़ें पूरी खबर…

4. पाइप पकड़कर लटका युवक, आधा घंटे की मशक्कत के बाद उतार पाई पुलिस

उज्जैन में अर्द्ध विक्षिप्त युवक घर की खिड़की से होता हुआ पाइप लाइन पर चढ़ गया। ये देखकर मौके पर भीड़ लग गई। लोगों ने पुलिस को खबर कर दी। माधव नगर पुलिस करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे उतार पाई। टीआई राकेश भारती ने कहा- युवक का नाम कुंदन है और वह बिहार का रहने वाला है। उसके परिवार वालों से बात की है। कुंदन का भागलपुर में भी इलाज चला था। कई दिनों से वो घर से गायब था। मंगलवार शाम को फ्रीगंज इलाके में कुंदन ने जमकर हंगामा किया। एक के बाद एक दो अलग-अलग घरों में घुसा। छत पर चढ़ा और पाइप पकड़कर लटक गया। उन्होंने बताया कि कुंदन के परिजन को खबर कर दी गई है ताकि वे आकर उसे ले जाएं। पढ़ें पूरी खबर…

5. जीतू पटवारी बोले- मोहन सरकार में तीन अपराधी मंत्री, इस्तीफा लें मुख्यमंत्री कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- मध्य प्रदेश की मोहन सरकार अब सिर्फ एक हजार दिन की ही मेहमान है, इसके बाद वह सत्ता से बाहर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मोहन सरकार में तीन मंत्री अपराधों से जुड़े मामलों में घिरे हुए हैं। पहले मंत्री विजय शाह हैं, जिनसे इस्तीफा लिया जाना चाहिए, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने उनके बारे में कहा है कि वे मंत्री पद पर रहने योग्य नहीं हैं। दूसरे स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला हैं। छिंदवाड़ा के कफ सिरप मामले का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा कि 26 मौतों के जिम्मेदार व्यक्ति को मंत्री बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। तीसरे मंत्री नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हैं, जिनके शहर में दूषित पानी से 32 लोगों की मौत हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को तीनों मंत्रियों से इस्तीफा लेना चाहिए। पढे़ं पूरी खबर…

6. पेंच टाइगर रिजर्व में 4 शावकों संग दिखी बाघिन, पर्यटकों ने बनाया वीडियो

सिवनी के पेंच टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को जुगनी बाघिन अपने चार शावकों के साथ चहलकदमी करती नजर आई। इसका वीडियो भी सामने आया है। सफारी पर निकले पर्यटकों की जिप्सी जैसे ही एक वन मार्ग से गुजर रही थी, जुगनी बाघिन और 4 शावक कच्ची सड़क पार करते हुए जंगल की ओर बढ़ते दिखे। पेंच नेशनल पार्क मध्य प्रदेश के सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में फैला हुआ है, जबकि इसका एक हिस्सा महाराष्ट्र के नागपुर जिले तक है। पेंच नदी के नाम पर बने इस उद्यान को वर्ष 1975 में नेशनल पार्क का दर्जा मिला था, जिसे बाद में टाइगर रिजर्व घोषित किया गया। यहां बाघ और तेंदुए के अलावा भालू, जंगली कुत्ता, चीतल, सांभर, नीलगाय, गौर जैसे अनेक वन्यजीव पाए जाते हैं। यहां पक्षियों की 250 से ज्यादा प्रजातियां भी हैं। पढ़ें पूरी खबर…

7. ट्रेन का कोच अटेंडेंट निकला तस्कर, दो बैग में 311 इंडियन टेंट टर्टल मिले

पटना-इंदौर एक्सप्रेस के एच-1 कोच का अटेंडेंट कछुआ तस्कर निकला। आरपीएफ ने उसके दो बैग से 311 इंडियन टेंट टर्टल बरामद किए हैं। दरअसल, आरपीएफ की टीम ट्रेन में अवैध शराब को लेकर सर्चिंग कर रही थी। इस दौरान अटेंडेंट अजय सिंह राजपूत पर शक हुआ। इसके दोनों बैग की तलाशी ली गई तो छोटे-छोटे जिंदा कछुए पाए गए। आरपीएफ अधिकारियों से बातचीत, आरोपी से पूछताछ और इक्वेरियम कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी के आधार पर इस मामले में अवैध मुनाफे का बड़ा एंगल सामने आया है। अजय मूल रूप से इंदौर का रहने वाला है। वह करीब चार साल से ट्रेन में बतौर अटेंडेंट काम कर रहा है। यह नौकरी उसे निजी एजेंसी के जरिए मिली थी, जिसके पास वेस्टर्न रेलवे के इस रेक के मेंटेनेंस और स्टाफ सप्लाई का ठेका है। पढ़ें पूरी खबर…

पॉजीटिव खबर…

8. दो नर्सिंग ऑफिसर, जो अपनी बीमारियों से लड़ते हुए कर रहीं मरीजों की सेवा

इस दुनिया में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो हर दिन मौत से जद्दोजहद करते हैं, साथ ही दूसरों के लिए उम्मीद की रोशनी भी बनते हैं। ग्वालियर स्थित जयारोग्य अस्पताल समूह की दो नर्सें ऐसी ही मिसाल हैं, जो खुद गंभीर बीमारियों से जूझते हुए भी मरीजों की सेवा में कोई कमी नहीं आने देतीं। अस्पताल की सर्जरी यूनिट की नर्सिंग ऑफिसर राखी श्रीवास्तव ब्लड कैंसर से जूझ रही हैं। दवाओं और इलाज के सहारे वे न सिर्फ अपनी जिंदगी आगे बढ़ा रही हैं, बल्कि ICU में मरीजों की सेवा भी कर रही हैं। इसी अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग की स्टाफ नर्स प्रेमलता माथनकर को ब्रेस्ट कैंसर है। अब तक वे 43 सेशन कीमोथैरेपी और रेडिएशन ट्रीटमेंट झेल चुकी हैं। लगातार दर्द, आर्थिक और मानसिक दबाव के बावजूद प्रेमलता अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रही हैं। पढ़ें पूरी खबर…

खबर जरा हटकर…

9. विकास कार्य न होने का अनोखा विरोध, सरपंच ने पंचायत भवन में खुद को किया बंद

नरसिंहपुर जिले की सीरेगांव ग्राम पंचायत में सरपंच महेंद्र सिंह कुशवाहा ने विकास कार्य न होने से नाराज होकर पंचायत भवन में खुद को बंद कर लिया। घटना पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के गृह जिले नरसिंहपुर के चीचली ब्लॉक की है। करीब 1400 की आबादी वाले सीरेगांव के बीए पास सरपंच महेंद्र सिंह कुशवाहा ने 172 वोटों से चुनाव जीता था। उनका आरोप है कि गांव की जनता ने उन्हें विकास के नाम पर वोट दिया, लेकिन अधिकारी और कुछ ग्रामीण उनकी पंचायत में विकास कार्य नहीं होने दे रहे हैं। सरपंच ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद से ही वे लगातार दफ्तरों और अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद उनकी पंचायत में कोई भी विकास कार्य स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

कल का बिग इवेंट… 10. मुरैना में सवर्ण समाज ने यूजीसी के नए नियमों के विरोध में गुरुवार को बंद का आह्वान किया है। अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए एसडीएम, तहसीलदार समेत दूसरे प्रशासनिक अधिकारी मोर्चा संभालेंगे।



Source link