T20 World Cup 2026 Pakistan Team in trouble: टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम को डबल झटका लग सकता है. उसने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करके एक तरह से अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है. हम ऐसा यूं ही नहीं कह रहे. इसके 2 बड़ी वजह हैं. पहली तो ये कि अगर वो ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ नहीं खेला तो उसे एक भी अंक नहीं मिलेगा, जबकि टीम इंडिया को बिना खेले ही 2 पॉइंट मिल जाएंगे और दूसरी वजह जो सामने आई है, वो पाकिस्तान टीम की टेंशन बढ़ाने वाली है. दूसरी वजह जुड़ी है मौसम से.
जी हां, ग्रुप स्टेज में बारिश पाकिस्तान के एक मैच को खराब कर सकती है. अगर ऐसा हुआ तो पाकिस्तान को नुकसान होगा. उसके दो मैच हो जाएंगे और सिर्फ एक अंक मिलेगा. इस तरह उसे सुपर 8 में एंट्री लेने में परेशानी खड़ी होगी. मान लीजिए अगर कोई मैच पाकिस्तान टीम हार गई तो उसका ग्रुप स्टेज में ही सफर खत्म हो सकता है. अब सवाल ये है कि आखिर ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान टीम का वो कौन सा मैच है, जिस पर बारिश का साया है? आइए जान लेते हैं.
दरअसल, टी20 विश्व कप 2026 में कुल 20 टीमें हैं. सभी को 5 ग्रुप में बांट दिया गया है. हर ग्रुप में 4 टीमें हैं. ग्रुप ए में पाकिस्तान की टीम भारत, यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड के साथ है. पाक टीम को अपना पहला मैच 7 फरवरी को नीदरलैंड से खेलना है. यह मैच कोलंबो के एसएससी में खेला जाना है. ये वही मैच है जिस पर बारिश का साया है और इसके रद्द होने के चांस भी ज्यादा हैं. ये मैच उसी मैदान पर होने जा रहा है, जो 4 फरवरी को पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच होने वाला वार्म-अप मैच बारिश के चलते धुल गया. बारिश इतनी ज्यादा थी कि टॉस तक नहीं हुआ.
7 फरवरी को मैच होना क्यों मुश्किल?
अब अगर 7 फरवरी को भी बारिश हो गई तो पाकिस्तान के सुपर 8 में पहुंचने का रास्ता बहुत कठिन हो जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक श्रीलंका के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान है. वीकेंड पर तो आंधी-तूफान भी आ सकता है. पाक टीम का 7 फरवरी को जो मैच है, वो लोकल टाइम के हिसाब से सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा, जबकि उसी दिन दोपहर में बारिश की ज्यादा चांस हैं.
ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो सकता है पाक का सफर
अगर ये मैच रद्द हुआ तो फिर पाकिस्तान के 2 मैच ही बचेंगे, जो अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ होंगे. अमेरिका वही टीम है, जिसने 2024 में पाक को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. अगर पाक को उसने एक बार फिर हरा दिया तो ग्रुप स्टेज में ही पाकिस्तान टीम का सफर खत्म हो सकता है. ऐसी स्थिति में पाक के पास नामीबिया के खिलाफ जीत के बाद भी अधिकतम 3 अंक ही आ पाएंगे. ऐसी भी कहा जा रहा है कि अगर नीदरलैंड के खिलाफ बारिश से मैच धुला तो पाकिस्तान भारत के खिलाफ खेलने का मन भी बना सकता है, ताकि उसके पास पॉइंट बढ़ाने की उम्मीद जिंदा रहे.
भारत के खिलाफ खेलने से मना किया
यहां ये जानना भी जरूरी है कि टी20 विश्व कप 2026 से बाहर की गई बांग्लादेश टीम के समर्थन में पाकिस्तान खड़ा हुआ है. उसने भारत के खिलाफ 15 तारीख को होने वाले मैच का बॉयकॉट किया है. पाकिस्तान अपने मैच श्रीलंका में खेलेगी, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले साल ही आईसीसी और एसीसी इवेंट्स में न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने का समझौता हुआ था. जब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना किया तो उसे आईसीसी की तरफ से चेतावनी मिली कि अपने फैसले पर फिर से विचार करो, लेकिन अब तक पाक की तरफ से अंतिम आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है.
टी20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान की टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा मोहम्मद नफाय (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले 10 धुरंधर… जिनके बल्ले से लगकर गोली की रफ्तार से भागी गेंद