Last Updated:
Gold Silver Price: उन्हें ज्वेलरी का व्यापार करते हुए 20 साल हो चुके हैं लेकिन इस तरह से सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव को जीवन में नहीं देखा. पहले फरवरी माह में सोने के भाव बढ़ते थे और सितंबर में घट जाते थे लेकिन अब सारी गणित फेल हो चुकी है. ग्राहकों से कुछ भी कह पाना मुश्किल है.
जबलपुर. सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है. ऐसे में सिर्फ ग्राहक ही नहीं बल्कि व्यापारी भी असमंजस में फंस चुके हैं. कुछ ऐसा ही नजारा मध्य प्रदेश के जबलपुर में देखने को मिला, जहां ज्वेलरी व्यापारी की दुकान में ग्राहक तो नहीं आए लेकिन एक दिन में 600 कॉल जरूर आ गए और वे सिर्फ सोने और चांदी का भाव पूछते रहे कि दाम बढ़ेंगे या फिर घटेंगे. बार-बार यह बात सुनकर ज्वेलरी व्यापारी का माथा ठनका और उन्होंने अपने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगा दिया, ‘कृपया कर फोन पर सोने और चांदी के रेट न पूछें.’
जब तक ग्राहक दुकान आते हैं, रेट बदल जाते हैं
उन्होंने कस्टमर्स को लेकर व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा, ‘कृपया कर फोन पर रेट न पूछें कि सोने के भाव आज बढ़ेंगे या फिर घटेंगे क्योंकि हमें भी नहीं पता दाम आगे क्या होंगे. यह न आपके, न हमारे और न ही भारत सरकार के हाथों में है.’ उन्होंने कहा कि मार्केट की यह स्थिति हो चुकी है कि अब वह फोन पर ग्राहकों को रेट बताते हैं. जब तक ग्राहक दुकान आते हैं, रेट ही बदल जाते हैं. जैसे-तैसे ग्राहक ज्वेलरी खरीदते हैं और घर जाते हैं, तब तक रेट दोबारा बदल जाते हैं.
सोने-चांदी के भाव ने सभी को किया कंफ्यूज
उन्होंने आगे कहा कि पहली बार मार्केट में इस तरीके की स्थिति बनी है कि सोने और चांदी के भाव ने सभी को कंफ्यूज कर रखा है और न ही किसी प्रकार की वजह पता चल रही है. उन्हें व्यापार करते 20 वर्ष हो चुके हैं लेकिन जीवन में इस तरह से दामों में उतार-चढ़ाव को नहीं देखा. पहले फरवरी में सोने के भाव अक्सर बढ़ते थे और सितंबर में घटते थे लेकिन अब सारे कैलकुलेशन फेल हो चुके हैं. ग्राहकों से कुछ भी कहना मुश्किल है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.