श्रीलंका को हल्के में लिया तो चुकानी पड़ेगी बड़ी कीमत! स्पिन अटैक से करेगी प्रहार, टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने की प्रबल दावेदार

श्रीलंका को हल्के में लिया तो चुकानी पड़ेगी बड़ी कीमत! स्पिन अटैक से करेगी प्रहार, टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने की प्रबल दावेदार


T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में भारत की सह-मेजबान टीम श्रीलंका को हल्के में लेना विरोधी टीमों की सबसे बड़ी भूल साबित हो सकती है. श्रीलंका टी20 फॉर्मेट की सबसे खतरनाक टीम है, खासतौर पर जब वह अपने घर पर खेल रही हो. श्रीलंका की टीम एक बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने का कमाल कर चुकी है. साल 2014 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में श्रीलंका ने भारत को 6 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा किया था.

श्रीलंका खिताब की प्रबल दावेदार

श्रीलंका ने साल 2014 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. लसिथ मलिंगा की कप्तानी वाली श्रीलंकाई टीम ने तब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया को फाइनल मुकाबले में 6 विकेट से मात देकर ट्रॉफी जीती थी. अब श्रीलंका की नजरें अपने दूसरे टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने पर है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान श्रीलंका की टीम स्पिन को अपना हथियार बनाकर विरोधी टीमों का शिकार करने के लिए तैयार बैठी है.

Add Zee News as a Preferred Source


श्रीलंका की ताकत

श्रीलंका 11 साल से ICC ट्रॉफी नहीं जीत पाया है, उसने आखिरी बार 2014 में T20 वर्ल्ड कप जीता था. श्रीलंका अपने ज्यादातर मैच घर पर खेल रहा है और उसके पास एक मजबूत बैटिंग लाइन-अप है, जिसमें पथुम निसांका, कामिंदु मेंडिस, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा और चरित असलंका जैसे खिलाड़ी हैं. दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा और डुनिथ वेलालागे जैसे हार्ड-हिटिंग ऑलराउंडर दोनों डिपार्टमेंट में मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं. श्रीलंका के लिए स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर खेलना फायदेमंद साबित हो सकता है, जिसमें महेश थीक्षाना, वानिंदु हसरंगा और डुनिथ वेलालागे का साथ देंगे. श्रीलंका के पास पथुम निसांका जैसा विस्फोटक ओपनर मौजूद है. पथुम निसांका चंद गेंदों पर मैच का रुख पलटने में माहिर हैं. श्रीलंका के पास कप्तान दासुन शनाका के रूप में एक भरोसेमंद फिनिशर है, जिन्होंने सितंबर में एशिया कप 2025 में भारत के खिलाफ लगभग अपनी टीम को जीत दिला ही दी थी.

श्रीलंका की कमजोरी

भले ही श्रीलंका का अपने घर में रिकॉर्ड अच्छा है, लेकिन बाद के स्टेज में उसके लिए इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान का सामना करना एक चुनौती होगी. श्रीलंका की 15 सदस्यों की टीम में सिर्फ तीन तेज गेंदबाज हैं, जिनमें चोटिल होने वाले दुशमंथा चमीरा और ईशान मलिंगा शामिल हैं. यहां तक कि मथीशा पथिराना भी अच्छी फॉर्म में नहीं हैं और मैच के अहम पड़ावों पर रन लुटाने की उनकी आदत है. श्रीलंका की टीम पथुम निसांका और अपने टॉप-ऑर्डर पर बहुत ज्यादा निर्भर है. यह बात श्रीलंका के हाल के मैचों और जिस तेजी से उन्हें बैटिंग में गिरावट का सामना करना पड़ा है, उससे साफ पता चलता है. श्रीलंका की टीम ज्यादातर मौकों पर अच्छी शुरुआत करने में सक्षम है और उनके पास दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा व अन्य फिनिशर भी मौजूद हैं, लेकिन बीच के ओवरों का फेज ही श्रीलंकाई टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.

श्रीलंका के लिए सबसे बड़ा खतरा

कोलंबो में जब आउटफील्ड गीली हो जाती है तो ग्रिप खत्म हो जाती है. स्पिनर्स की गेंद में धार नहीं रहती, तो फायदा चेज करने वाली टीम को मिल सकता है. कुछ विरोधी टीमों के बल्लेबाज मिडिल-ओवर्स में श्रीलंकाई स्पिनर्स पर हमला करेंगे. श्रीलंका को भी तब बिना कंट्रोल खोए तेजी से गेंदबाजी की रणनीति में बदलाव करना होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका कब-कब खेलेगा अपने मैच?

श्रीलंका टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के ग्रुप-B में शामिल है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ मैच से करेगी. बता दें कि श्रीलंका को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेलना है. इसके बाद श्रीलंका को ओमान के खिलाफ 12 फरवरी को पल्लेकेले में अपना दूसरा मैच खेलना है. 16 फरवरी को श्रीलंका का सामना ऑस्ट्रेलिया से पल्लेकेले में होगा. 19 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंकाई टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेलेगी.

टी20 वर्ल्डकप 2026 में श्रीलंका का शेड्यूल (ग्रुप स्टेज)

श्रीलंका बनाम आयरलैंड – पहला मैच – 8 फरवरी (कोलंबो)

श्रीलंका बनाम ओमान – दूसरा मैच – 12 फरवरी (पल्लेकेले)

श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया – तीसरा मैच – 16 फरवरी (पल्लेकेले)

श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे – चौथा मैच – 19 फरवरी (कोलंबो)

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए श्रीलंका की टीम

दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंदु मेंडिस, कुसल परेरा, चरिथ असलंका, जेनिथ लियानगे, पवन रथनायके, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेलालागे, महीश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, ईशान मलिंगा.



Source link