WPL 2026 RCB-W vs DC-W Final: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026 Final) का चैंपियन सामने आ चुका है. लगातार चौथी बार दिल्ली कैपिटल्स की टीम WPL फाइनल मुकाबले में हार चुकी है. आरसीबी ने दूसरी बार फाइनल में मात देकर दिल्ली के जख्मों पर कील ठोक दी. मुकाबले में स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल की तूफानी पारी की बदौलत आरसीबी ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है. आरसीबी ने दूसरा खिताब जीतकर मुंबई की बराबरी कर ली है. दोनों टीमें अब 2-2 खिताब की बराबरी पर हैं.
आरसीबी ने जीता था टॉस
वडोदरा में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. दिल्ली ने जोरदार शुरुआत की क्योंकि लिजेल ली ने 3 छक्कों और इतने ही चौकों की बदौलत 37 रन की पारी खेली थी. शेफाली वर्मा 20 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद लौरा वॉलवार्ट और जेमिमा रॉड्रिग्स ने पैर जमाया. जेमिमा ने 57 रन की पारी खेली जिसमें 8 चौके जमाए. लौरा वालवार्ट ने 44 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 203 तक पहुंचा दिया.
फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर
पिछले 3 WPL फाइनल में हारने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया. दिल्ली की टीम ने फाइनल का सबसे बड़ा टोटल बनाया और बोर्ड पर 203 रन टांग दिए. दिल्ली का पलड़ा भारी नजर आ रहा था लेकिन आरसीबी की बल्लेबाज तूफानी मूड में नजर आए. आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी कुछ खास नहीं दिखी और 3 ही विकेट गिरे.
ये भी पढे़ं.. PCB को श्रीलंका ने दिखाई औकात.. लेटर से किया बेइज्जत, अब भारत से खेलेगा बेशर्म PAK?
जॉर्जिया-मंधाना की रिकॉर्ड पार्टनरशिप
मंधाना और जॉर्जिया के बीच रिकॉर्ड पार्टनरशिप देखने को मिली. दोनों ने मिलकर 165 रन ठोके. मंधाना ने 23 गेंद में फिफ्टी ठोकी और फिर 41 गेंद में 12 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 87 रन की पारी खेली. वहीं, जॉर्जिया 79 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठी. दोनों की पारी की बदौलत आरसीबी ने एकतरफा अंदाज में मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम किया. दूसरी बार दिल्ली की टीम को आरसीबी से शिकस्त झेलनी पड़ी है. आरसीबी ने दूसरा खिताब जीता.