England vs Nepal: टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर होते-होते रह गया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल को हराने में क्रिकेट के जन्मदाता इंग्लैंड के पसीने छूट गए. हालांकि, हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली टीम गिरते-पड़ते ये मुकाबला जीत गई और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत का खाता खोला. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 184 रन बनाए थे. इसके जवाब में नेपाल ने आखिरी गेंद तक लड़ाई लड़ी, लेकिन 4 रन दूर रह गए. उन्होंने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 180 रन बनाए. ये कहना गलत नहीं होगा कि मैच भले ही इंग्लैंड जीता, लेकिन करोड़ों फैंस का दिल नेपाल की टीम जीतने में कामयाब रही.
इंग्लैंड ने जीता मैच… नेपाल ने दिल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक 5 मुकाबले हुए हैं, लेकिन छोटी टीमें जिस तरह से प्रदर्शन कर रही है, उसको देखते हुए लगता है कि बड़ा उलटफेर दूर नहीं है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में नेपाल ने अंग्रेजों के पसीने छुड़ा दिए. आलम ये था कि आखिरी ओवर में इंग्लैंड के खिलाड़ी 2-3 बार मीटिंग करने पर मजबूर हो गए. हालांकि, सैम करन ने अनुभव का परिचय दिया और आखिरी ओवर में 10 रन बचाकर नेपाल को बड़ा उलटफेर करने से रोका.
लोकेश बम ने बल्ले से किया धमाका
नेपाल की तरफ से नंबर-6 पर उतरे लोकेश बम ने अपने नाम की तरह ही बल्ले से धमाका दिया. उन्होंने 20 गेंदों पर 39 रनों की शानदार पारी खेली और कुछ देर के लिए इंग्लैंड की जान हलक में डाल दी थी. हालांकि, आखिरी ओवर में सैम करन के खिलाफ वो बड़ा शॉट नहीं खेल सके और नेपाल की उम्मीदों पर पानी फिर गया. नेपाल की तरफ से लक्ष्य का पीछा करते हुए ओपनर कुशल भुरटेल ने (17 गेंदों पर 29 रन), कप्तान रोहित पौडेल ने (34 गेंद पर 39 रन) और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने (29 गेंदों पर 44 रन) की अच्छी पारी खेली.
सैम करन ने इंग्लैंड को बचाया
एक तरफ जहां इंग्लैंड के बाकी गेंदबाज नेपाल के बल्लेबाजों के सामने रन लुटा रहे थे, वहीं सैम करन ने शानदार गेंदबाजी कर इंग्लैंड की लाज बचा ली. बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 27 रन देकर 1 विकेट चटकाए. नेपाल को आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 10 रन की दरकार थी, लेकिन सैम करन ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 5 रन दिए.