टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पाकिस्तान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था. बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान ने यह कहा था कि वह विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा. हालांकि अब पाकिस्तान ने अपने रुख में बदलाव किया है और भारत के साथ खेलने पर सहमति जता दी है. 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा. भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर समर्थक हमेशा से ही काफी उत्सुक रहते हैं. गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान आमतौर पर केवल आईसीसी या एसीसी के टूर्नामेंटों में ही आमने-सामने होते हैं. इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज आयोजित करने की वकालत की है.
देखना चाहते हैं टेस्ट मैच
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर माइकल वॉन ने पाकिस्तान के भारत के खिलाफ खेलने पर सहमत होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि यह फैसला प्रतियोगिता और क्रिकेट दोनों के हित में है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी न किसी तरह भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज कराई जानी चाहिए. वॉन के मुताबिक, तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की मेजबानी के लिए यूके एक उपयुक्त स्थान हो सकता है.
19 साल पहले हुआ था टेस्ट मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बार टेस्ट सीरीज करीब 19 साल पहले, साल 2007 में खेली गई थी. यह तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला भारत में आयोजित हुई थी, जिसमें भारतीय टीम ने 1-0 से जीत दर्ज की थी. दिल्ली में हुए पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने छह विकेट से बाजी मारी थी, जबकि कोलकाता में खेला गया दूसरा टेस्ट और बेंगलुरु में हुआ तीसरा टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था.
टीम इंडिया का डॉमिनेंस
अब एक बार फिर दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होने वाली हैं. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान अब तक भारत को केवल एक बार, साल 2021 में, हराने में सफल रहा है. इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच कुल आठ मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से छह मैच भारत ने जीते हैं, एक में पाकिस्तान को जीत मिली है, जबकि एक मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ था. दोनों ही टीमों के बीच टी20 क्रिकेट में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली है, लेकिन पलड़ा हमेशा से ही भारतीय टीम का भारी रहा है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले USA को करारा झटका, T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ ये गेंदबाज