नर्मदापुरम जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साइबर ठग निशाना बना रहे हैं। हैकर खुद को विभाग का वरिष्ठ अधिकारी बताकर मोबाइल पर कॉल कर रहे हैं और पोषण ट्रैकर चालू न होने की बात कहकर पासवर्ड व ओटीपी मांग रहे हैं। ओटीपी साझा करते ही कार्यकर्ताओं के मोबाइल और व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो जा रहे हैं। एक दिन में 7 कार्यकर्ताओं को आए फर्जी कॉल
10 फरवरी 2026 की शाम जिले की 7 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फर्जी कॉल आए। शिकायत के अनुसार प्रमिला शर्मा, ममता मंसूरिया, सावित्री सेन, सरिता, वैष्णवी माधव सहित वार्ड क्रमांक 5, केंद्र क्रमांक 11 की कार्यकर्ता को मोबाइल नंबर 9798929881 से कॉल किया गया। कॉल करने वाले ने पहले पोषण ट्रैकर बंद होने की बात कही, फिर पासवर्ड और ओटीपी मांगा। एक कार्यकर्ता द्वारा ओटीपी साझा करने के बाद उसका व्हाट्सएप अकाउंट बंद हो गया। व्हाट्सएप ग्रुप में भेजी गई संदिग्ध एपीके फाइल
अकाउंट हैक होने के बाद संबंधित कार्यकर्ताओं के जुड़े व्हाट्सएप ग्रुपों में एसबीआई बैंक के योनो ऐप की एपीके फाइल का लिंक भेजा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी लिंक में “APK” लिखा हो तो उसे बिल्कुल डाउनलोड या क्लिक न करें, क्योंकि यह हैकिंग का माध्यम हो सकता है। साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद सभी प्रभावित कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचीं और साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी साईंकृष्णा थोटा ने बताया कि विभागीय स्तर पर सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी फोन पर ओटीपी या पासवर्ड नहीं मांगता। यदि इस तरह की कॉल आए तो तुरंत नंबर ब्लॉक करें और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
Source link