Last Updated:
MP Accident News: मध्यप्रदेश के कटनी और विदिशा से दो बड़े सड़क हादसों की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. कटनी में तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया. वहीं विदिशा में बारात लेकर जा रही टवेरा गाड़ी तालाब में पलट गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है. दोनों घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
एमपी में भीषण सड़क हादसा
MP NEWS: मध्यप्रदेश में दो अलग-अलग जिलों से दिल दहला देने वाली खबरें सामने आई हैं. एक तरफ कटनी में तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने दो युवकों की जान ले ली, तो वहीं विदिशा में बारात लेकर जा रही टवेरा गाड़ी तालाब में पलट गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों हादसों ने इलाके में सनसनी फैला दी है.
कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के बंधी रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. गुस्साई भीड़ ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया. माहौल इतना बिगड़ गया कि पुलिस टीम पर ही पथराव कर दिया गया. इस हमले में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए और डायल 112 वाहन के कांच भी तोड़ दिए गए. पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की और मामला शांत कराया. फिलहाल ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और जांच जारी है.
वहीं दूसरी बड़ी घटना विदिशा जिले के ग्राम बागरी के पास हुई. एक टवेरा गाड़ी, जिसमें करीब 10 लोग सवार थे और जो बारात लेकर जा रही थी, अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई. हादसा मंजिल से महज एक किलोमीटर पहले हुआ. इस दर्दनाक दुर्घटना में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने पर कुछ को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. सिटी कोतवाली टीआई आनंदराज के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती अंदेशा है कि गाड़ी की रफ्तार ज्यादा थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया.
इन दोनों हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जरा सी लापरवाही कैसे जिंदगी छीन लेती है, ये इन घटनाओं से साफ समझ आता है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें