तहसीलदार ने कोटवारों से लुटवाए मिर्ची के स्टॉल: ओंकारेश्वर रोड पर लगी थी 15 दुकानें, रेहड़ी वालों ने विधायक की गाड़ी रोकी, प्रदर्शन किया – Khandwa News

तहसीलदार ने कोटवारों से लुटवाए मिर्ची के स्टॉल:  ओंकारेश्वर रोड पर लगी थी 15 दुकानें, रेहड़ी वालों ने विधायक की गाड़ी रोकी, प्रदर्शन किया – Khandwa News




खंडवा के मोरटक्का में शुक्रवार शाम को रेहड़ी-पटरी वाले दुकानदारों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मामला तब गर्मा गया, जब उन्होंने विधायक की गाड़ी रोक ली। वजह यह थी कि उनके मिर्च के स्टॉल लूट लिए गए थे। तहसीलदार ने कार्रवाई करते हुए पूरा सामान कोटवारों से लुटवा लिया। फिर लूटे हुए सामान को कोटवारों ने आपस में बांट लिया। विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में विधायक ने जांच के लिए कहा है। बता दें कि सनावद बेल्ट मिर्ची का गढ़ होने की वजह से मोरटक्का और आसपास सैकड़ों दुकानें हाईवे किनारे लगी रहती हैं। ऐसे में शुक्रवार को भी ओंकारेश्वर रोड़ पर ग्राम मोरटक्का और थापना के बीच हाईवे पर मिर्ची की दुकानें लगी थीं। दोपहर बाद ओंकारेश्वर तहसीलदार नरेंद्र मुवेल मौके पर पहुंचे और कोटवारों के जरिए करीब 15 दुकानों का सामान जब्त करवा लिया। जब्ती की कार्रवाई उन्होंने कोटवारों से करवाई। आरोप है कि ट्रैक्टर में भरकर सामान को ओंकारेश्वर ले जाया गया। बाद में कोटवारों ने जब्त माल को आपस में बांट लिया। इधर, रास्ते से गुजर रहे विधायक नारायण पटेल को दुकानदारों ने रोक लिया। व्यापारियों की मानें तो एक-एक दुकान पर 15-15 हजार रूपए के करीब का सामान था। कुल मिर्ची, मसाला और हल्दी सामान की बात की जाए तो यह एक लाख रूपए के करीब का था। वहीं प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर्व को लेकर ट्रैफिक क्लियर किए जाने का हवाला दिया है। मौके पर मांधाता, मोरटक्का से पुलिस बल पहुंचा
विधायक नारायण पटेल की घेराबंदी की सूचना मिलने के बाद मौके पर मांधाता टीआई अनोकसिंह सिंधिया के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आसपास के थाना और चौकीयों से भी बल मंगाया गया। इसके बाद ओंकारेश्वर नगर परिषद कार्यालय पर काफी देर तक हंगामा चला। चार घंटे तक नगर परिषद कार्यालय और सड़क पर प्रदर्शन चलता रहा। मिर्च व्यापारी महिलाओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई।



Source link