प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर विदिशा जिले में कांग्रेस पार्टी ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि ट्रेड डील के विरोध में व्यापक प्रदर्शन किया। इस डील को किसान विरोधी बताते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुतले दहन किए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रस्तावित डील के तहत भारतीय किसानों के उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा। वहीं, अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैक्स का प्रस्ताव है। पार्टी ने इसे असंतुलित व्यवस्था बताते हुए भारतीय किसानों के लिए भारी नुकसानदायक बताया है। यह विरोध प्रदर्शन विदिशा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में देखा गया, जिनमें ग्यारसपुर, गुलाबगंज, बासौदा, कुरवाई, लटेरी और शमशाबाद शामिल हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, जिले की 577 ग्राम पंचायतों और 129 वार्डों में पुतला दहन का कार्यक्रम निर्धारित था, जिसमें से लगभग 350 स्थानों पर पुतले जलाए गए। जिलाध्यक्ष बोले- किसानों को गुमराह किया जा रहा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने इस डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है। रघुवंशी ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों को गुमराह किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डील रद्द नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर द्वारा हाल ही में जारी उस आदेश का भी विरोध किया, जिसमें दो माह तक धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन जैसे कार्यक्रमों पर रोक लगाई गई है। नेताओं का तर्क है कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना उनका अधिकार है और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाना आवश्यक है। गिरफ्तारी पर विरोध जताया
विदिशा शहर में कांग्रेस नगर अध्यक्ष रवि साहू के नेतृत्व में पुतला दहन किया जा रहा था। इसी दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस ने रवि साहू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की। जिसके बाद नगर अध्यक्ष रवि को रिहा किया गया। कांग्रेस नेता रवि साहू का कहना है कि यह पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन था, लेकिन प्रशासन अनावश्यक दबाव बनाकर कार्रवाई कर रहा है। कुल मिलाकर, अमेरिका सिटी डील को लेकर विदिशा जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
Source link