- Hindi News
- Local
- Mp
- Jabalpur
- From Next Month Onwards There Will Be More Marriages In Limited Muhurta, Weddings Postponed In Summer Will Be In Early Winter.
जबलपुर17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- नए साल में अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक इंतजार करना पड़ेगा विवाह की शुभ घड़ी का
- अब पूरी नजर देव प्रबोधिनी एकादशी से आरंभ होने वाले शुभ मुहूर्तों पर
मार्च के तीसरे सप्ताह से कोरोना वायरस के प्रभाव की वजह से टले विवाहों को जल्द संपन्न कराने को लेकर लोगों में बेचैनी है। भले ही कोरोना वायरस का दायरा अब और ज्यादा फैल गया और ज्यादा से ज्यादा लोग इसकी गिरफ्त में आ रहे हों, लेकिन पूर्व में टाले गये विवाहों को लोग आने वाली शुरूआती शुभ घड़ियों में ही संपन्न कराना चाहते हैं।
लोग कोरोना को लेकर जो गाइडलाइन है उसका पालन करने तैयार हैं पर अभी तक तय होकर भी जो विवाह नहीं हो सके आगे जल्द हों ऐसी कोशिशें की जा रही हैं। सीमित दायरे में आयोजन को लेकर बुकिंग भी आरंभ हो गई है।
पंडित रोहित दुबे कहते हैं कि नया साल आरंभ होने से पहले अगले दो माह में जो भी शादियों की तिथि हैं उनमें ज्यादा से ज्यादा लोगों के हाथ पीले होने वाले हैं। भले ही मुहूर्त सीमित हैं, लेकिन नवंबर और दिसंबर में यह तय है कि अधिक शादियाँ शहर में होने वाली हैं।
पंडित दुबे कहते हैं कि जो भी लोग पंडितों से इन मुहूर्तों के विषय में जानकारी ले रहे हैं या तिथि तय करने चर्चा की जा रही है हम यही सलाह दे रहे हैं कि कोविड-19 से बचाव के लिए बताये गये तरीके अपनायें और साल के जो बचे मुहूर्त हैं उनमें मांगलिक कार्य कर सकते हैं। आने वाली शीत ऋतु में गर्मियों की टली शादियाँ होने का बड़ा कारण यह भी है कि कोरोना की वैक्सीन कब आयेगी इसका इंतजार नहीं किया जा सकता है। इससे बेहतर यही है कि संक्रमण से बचाव के पूरे तरीके अपनाकर तय किये गये विवाह को संपन्न कराया जाए।
25 नवंबर से शादियों की शुरूआत
देवशयनी एकादशी के बाद अगला विवाह मुहूर्त 25 नवंबर से शुरू हो रहा है। देव प्रबोधिनी एकादशी भी 25 नवंबर को ही है। इस दिन से विवाह मुहूर्त की शुरूआत हो जाती है। इस साल चातुर्मास के खत्म होने पर 25 नवंबर से 14 दिसंबर तक अब केवल 12 शुभ मुहूर्त ही हैं। जिनमें नवंबर में 2 और दिसंबर में 10 दिन शुभ मुहूर्त रहेंगे। 15 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा जो कि मकर संक्रांति तक रहेगा। इस तरह अब साल के सिर्फ 12 शुभ मुहूर्त ही बचे हैं।
नवंबर में विवाह मुहूर्तः 25 और 30 नवंबर, दिसंबर में विवाह मुहूर्त – 1, 2, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 13, 14 तक हैं।
अप्रैल तक करना होगा इंतजार
अगले साल विवाह और अन्य बड़े मांगलिक कामों के लिए अप्रैल 2021 तक इंतजार करना होगा। नए साल 2021 में जनवरी से मार्च तक गुरु व शुक्र ग्रह के अस्त रहने पर मुहूर्त नहीं रहेंगे, इसलिए नवंबर-दिसंबर के बाद अगले 3 महीने तक शुभ मुहूर्त का इंतजार करना पड़ेगा।
हालाँकि 16 फरवरी 2021 को वसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त वाला दिन होने के कारण विवाह किया जा सकता है। 22 अप्रैल 2021 से दिसंबर 2021 तक करीब 46 दिन मुहूर्त रहेंगे। अप्रैल में 6, मई में 10, जून में 11, जुलाई में 6, नवंबर में 7 और दिसंबर में 6 दिन मुहूर्त रहेंगे।