प्रदेश के किसानों के खातों में इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर से सम्मान राशि ट्रांसफर करेंगे। वे 18 फरवरी को ग्वालियर के कुलैथ में होने वाले किसान सम्मेलन में भाग लेंगे। इसी कार्यक्रम से ये सम्मान राशि खातों में भेजी जाएगी। कार्यक्रम में 25 हजार लोग जुटाने का टारगेट विभिन्न विभागों के अफसरों को दिया गया है। जिसमें 10 हजार लोग घाटीगांव और मुरार, भितरवार एवं डबरा से 5-5 हजार लोगों को जुटाने का टारगेट तय किया गया है। जिसमें किसानों के अलावा विभिन्न योजनाओं के हितग्राही शामिल रहेंगे। यहां गांव की पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ भी होगी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. यादव देखेंगे। कुलैथ स्थित दाने बाबा के स्थान पर मैदान में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। अभी मुख्यमंत्री के आने-जाने का अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है, लेकिन संभावना है कि वे दोपहर 2 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। सोमवार को कलेक्टर रुचिका चौहान भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। उन्होंने मौके पर निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। ये तैयारियां इस प्रकार हों, कि किसानों को कार्यक्रम में शामिल होने से लेकर आने-जाने तक कोई कठिनाई न हो। इस दौरान एसपी धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह, एडीएम सीबी प्रसाद भी मौजूद थे।
Source link