ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ग्लेन मैक्सवेल के करियर पर सवाल खड़े हो गए हैं. अनुभवी ऑलराउंडर मैक्सवेल इस बड़े टूर्नामेंट में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए और तीन मैचों में केवल 62 रन ही बना सके. ऑस्ट्रेलिया की टीम मौजूदा वैश्विक प्रतियोगिता में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी. टीम ने अपने शुरुआती तीन मुकाबलों में से दो में हार झेली, जबकि एकमात्र जीत आयरलैंड के खिलाफ आई. खराब प्रदर्शन के कारण कंगारू टीम का सफर जल्दी ही खत्म हो गया. ऑस्ट्रेलिया के इस हालात पर उनके प्रशंसक से लेकर देश के सीनियर खिलाड़ी तक सभी ना खुश हैं. इसी बीच रिकी पोंटिंग ने बेहद हैरान करने वाला खुलासा किया है.
क्या ग्लेन मैक्सवेल का करियर अंत?
International Cricket Council से बातचीत में रिकी पोंटिंग ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ग्लेन मैक्सवेल लॉस एंजिल्स ओलंपिक्स में ऑस्ट्रेलिया की टीम का हिस्सा होंगे. पोंटिंग के अनुसार, मौजूदा हालात देखकर ऐसा लग रहा है कि मैक्सवेल का अंतरराष्ट्रीय करियर अब आखिरी दौर में पहुंच गया है.‘बिग शो’ के नाम से जाने जाने वाले मैक्सवेल को आईपीएल 2025 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया था. उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के ऑक्शन के लिए भी अपना नाम दर्ज नहीं कराया.अब मैक्सवेल पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर ज़ालमी की ओर से खेलते नजर आएंगे। उन्हें 4.5 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (करीब 1.47 करोड़ भारतीय रुपये) में टीम ने अपने साथ जोड़ा है.
मैक्सवेल को लेकर पोंटिंग की बड़ी भविष्यवाणी
रिकी पोंटिंग ने साफ शब्दों में कहा, “ग्लेन मैक्सवेल, मुझे नहीं लगता कि वह वहां नजर आएंगे। मेरे हिसाब से उनका करियर अब खत्म होने की ओर है.” पोंटिंग के इस बयान ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है.उन्होंने आगे कहा कि मिशेल मार्श और ट्रैविस हेड जैसे खिलाड़ी तो निश्चित तौर पर टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे. हालांकि, स्टीव स्मिथ की भागीदारी को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है.स्मिथ को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान जोश हेज़लवुड की जगह टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला.
ऑस्ट्रेलिया का सफर खत्म
ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। टीम ने आयरलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 67 रन से हराकर जोरदार जीत दर्ज की थी.लेकिन इसके बाद कंगारू टीम की लय बिगड़ गई और लगातार दो हार ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. हालांकि ग्रुप स्टेज में उनका एक मुकाबला अभी ओमान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ बाकी है, लेकिन सेमीफाइनल की उम्मीदें खत्म हो चुकी हैं.सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 23 रन से चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने उन्हें 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से उनकी विदाई तय कर दी.
ये भी पढ़ें: लगातार फ्लॉप हो रहे अभिषेक शर्मा, महान बल्लेबाज ने खोली पोल, बताया आखिर क्यों नहीं बन रहे रन