शिवपुरी जिले में एनएच-46 पर रविवार सुबह बारातियों से भरा एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा होटल बागवान के पास हुआ। दुर्घटना में वाहन में सवार 9-10 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, बामौरकला थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी गांव निवासी भगवान सिंह कोली अपने बेटे प्रमोद की शादी के लिए खेरौना गांव गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद रविवार सुबह वे दहेज का सामान लोडिंग वाहन में भरकर अपने गांव लौट रहे थे। 9 लोग सवार थे, सामान क्षतिग्रस्त
बताया गया है कि वाहन में लगभग 9 लोग सवार थे। सुबह करीब 8 बजे एनएच-46 पर होटल बागवान के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में वाहन में रखा दहेज का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों में दूल्हे के पिता भगवान सिंह कोली, चाचा मूलचंद्र कोली और मालम कोली शामिल हैं। इनके अलावा, अशोकनगर जिले के झीला निवासी राजू कोली (लड़के के भाई के ससुर) और तुमेन निवासी शंकर कोली (फूफा) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने वाहन ड्राइवर किशन अहिरवार पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link