शाजापुर में श्री श्री राजपूत करणी सेना और सवर्ण समाज ने UGS एक्ट के नए कानून के विरोध तथा EWS वर्ग की प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एक विशाल पैदल रैली भी निकाली गई। रैली राजराजेश्वरी मंदिर से शुरू होकर बस स्टैंड परिसर, नई सड़क, आजाद चौक और शहरी हाईवे होते हुए पुरानी कृषि उपज मंडी टंकी चौराहे पर समाप्त हुई। यहां एक सभा आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने सरकार से अपनी मांगें जल्द पूरी करने की अपील की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम शाजापुर नायब तहसीलदार नाहिद अंजुम को एक ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में EWS वर्ग को अन्य आरक्षित वर्गों की तरह भूमि एवं आय संबंधी प्रावधानों का लाभ देना शामिल है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में 5 वर्ष की आयु सीमा में छूट और UPSC, SBI PO जैसी परीक्षाओं में अतिरिक्त प्रयास (एक्स्ट्रा अटेम्प्ट) की अनुमति देने की भी मांग की। साथ ही, EWS आरक्षण सीमा को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने की मांग भी उठाई गई। इसके अतिरिक्त, EWS विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, शिक्षा सहायता योजना, मेधावी विद्यार्थी योजना, आकांक्षा योजना और प्रस्तुति सहायता योजना में समान रूप से शामिल करने की मांग की गई। उन्होंने जिला मुख्यालयों पर छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराने और “EWS कल्याण बोर्ड” के गठन की भी मांग रखी। प्रदर्शनकारियों ने EWS प्रमाण पत्र की वैधता अवधि तीन वर्ष करने और रिक्त पदों को अगले वर्ष तक बैकलॉग के रूप में कैरी फॉरवर्ड करने की मांग भी दोहराई। सभा में UGS कानून को वापस लेने की मांग की गई। इसके अलावा, उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2018 के अंतर्गत चयनित 848 EWS अभ्यर्थियों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू करने की भी मांग रखी गई।
Source link