देवास में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर आखिरकार पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। देवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये कीमत की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। मामले की शुरुआत 20 फरवरी 2026 को हुई, जब फरियादी कुलदीप लोधी ने नेवरी गांव स्थित अपनी दुकान के सामने खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल (MP-41-ZC-2555) चोरी होने की रिपोर्ट थाना हाटपीपल्या में दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। ढाबे के पास दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर थाना प्रभारी दीपक सिंह यादव और चौकी प्रभारी हर्ष चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्धों की पहचान के बाद फुटेज को सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम शिवपुर मुंडला स्थित साईं कृपा ढाबे के पास से राहुल (28) और सुनील (34), दोनों निवासी ग्राम सुरजाना, थाना पीपलरांवा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ
आरोपी सुनील ने अमरपुरा, भूतिया और आष्टा क्षेत्र से तीन अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।
Source link