मंडला के महात्मा गांधी स्टेडियम में 15 फरवरी से चल रहे ‘सांसद कप क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-3’ का सोमवार को शानदार समापन हुआ। इस खास मौके पर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और पद्मश्री डॉ. दिलीप तिर्की मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को इनाम बांटे और युवाओं का हौसला बढ़ाया। फाइनल मुकाबला सिद्धू इलेवन एमपी और शहपुरा सनराइजर्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिद्धू इलेवन ने 20 ओवर में 202 रन बनाए। जवाब में शहपुरा की टीम 167 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ सिद्धू इलेवन ने खिताब और 1,11,000 रुपए का इनाम अपने नाम किया। उपविजेता टीम को 50,000 रुपए और ट्रॉफी दी गई। खिलाड़ियों को मिला बड़ा मंच डॉ. दिलीप तिर्की ने स्थानीय खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्र के युवाओं में असीम प्रतिभा है। उन्हें बस सही मौके और मेहनत की जरूरत है। कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन के वेद प्रकाश कुलस्ते ने बताया कि ‘खेलो इंडिया’ के सपने को पूरा करने के लिए यह आयोजन किया गया, जिसमें कुल 17 मैच खेले गए। फग्गन सिंह कुलस्ते ने दी बधाई केंद्रीय मंत्री और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि जब नेशनल लेवल के खिलाड़ी यहां आते हैं, तो हमारे बच्चों को उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इस टूर्नामेंट में लोकसभा क्षेत्र की 8 टीमों के अलावा दूसरे राज्यों की 8 बड़ी टीमों ने भी हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
Source link