Last Updated:
Irfan Pathan suggestion Suryakumar Yadav: भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को जिम्बाब्वे के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप सुपर 8 मुकाबले से पहले इरफान पठान ने खास सुझाव दिया है. उनका कहना है कि कप्तान को तिलक वर्मा की जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आना चाहिए.
सूर्यकुमार यादव को इरफान पठान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की सलाह दी
नई दिल्ली. भारतीय टीम के लिए साउथ अफ्रीका के आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप सुपर 8 का मैच हारने के बाद सेमीफाइनल में बने रहने का समीकरण बुरी तरह से बिगड़ चुका है. जैसे मुकाबले में टीम की बल्लेबाजी बिखरी उसके बाद हर तरफ हो हल्ला मचा हुआ है. पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने सुझाव दिया है कि भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में होने वाले करो या मरो मुकाबले में सूर्यकुमार यादव को नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए भेजना चाहिए. सोमवार, 23 फरवरी को वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को हराकर भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को और झटका दिया.
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में मौजूदा चैंपियंस को चूक भारी पड़ेगी. टूर्नामेंट में अब तक बल्लेबाजी में कई कमजोरियां सामने आई हैं. अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं तिलक वर्मा नंबर 3 पर नाकाम रहे हैं. तिलक ने पांच मैचों में 107 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 118.88 है. इस समय भारत के टॉप तीन बल्लेबाज सभी लेफ्ट हैंडर हैं और बदलाव की जरूरत बताई जा रही है. पठान का मानना है कि सूर्यकुमार को नंबर 3 पर भेजकर और तिलक को उनके बाद उतारकर इस समस्या का समाधान किया जा सकता है.
सूर्यकुमार ने भारत के लिए टी20 में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 32 मैचों में 864 रन बनाए हैं, उनका औसत 32 और स्ट्राइक रेट 158.53 है. इस दौरान उन्होंने एक शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं.पठान ने ब्रॉडकास्टर्स से कहा, “शायद सूर्य को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए. ताकि लगातार तीन लेफ्ट हैंडर बल्लेबाजों की एकरूपता को तोड़ा जा सके.”
अक्षर को टीम में लाने की बात, कुलदीप को मौका?
पूर्व ऑलराउंडर ने यह भी कहा कि कुलदीप यादव को आजमाने और संजू सैमसन को टीम में वापस लाने का लालच हो सकता है, लेकिन वह चाहते हैं कि जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ज्यादा बदलाव न करे. पठान ने कहा, “अक्षर पटेल को टीम में आना चाहिए. वह ऐसे गेंदबाज हैं जो लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों के खिलाफ भी गेंदबाजी कर सकते हैं. वह बहुत अच्छे हैं, बहुत अनुभवी हैं. हम उन्हें बल्लेबाजी में भी फ्लोटर के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं. यह सबसे जरूरी है.भारतीय टीम सोच सकती है कि कुलदीप यादव को टीम में लाया जाए, क्योंकि उन्होंने वेस्टइंडीज की टीम के आक्रमण को देखा है. तो वे सोच सकते हैं कि जिम्बाब्वे के खिलाफ कुलदीप को मौका दिया जाए, ताकि वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़े मैच से पहले उन्हें आजमाया जा सके.”
उन्होंने आगे कहा, “इसके अलावा, हां, वे लेफ्ट हैंडर हैं. हां, वे संजू सैमसन के बारे में भी सोच सकते हैं, लेकिन मैं नहीं चाहता कि भारतीय टीम ज्यादा बदलाव करे. मुझे लगता है कि प्लेइंग 11 में सिर्फ एक बदलाव होना चाहिए. अक्षर को टीम में आना चाहिए.”
भारत जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार, 26 फरवरी को चेन्नई में मुकाबला खेलेगा.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें