शिवपुरी में बस-ट्रक की टक्कर: दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंसे, बस ड्राइवर की मौत, पांच यात्री घायल – Shivpuri News

शिवपुरी में बस-ट्रक की टक्कर:  दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंसे, बस ड्राइवर की मौत, पांच यात्री घायल – Shivpuri News




शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में NH-46 पर मंगलवार सुबह 5:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। पूरनखेड़ी गांव के पास आगरा से इंदौर जा रही संजय ट्रेवल्स की बस और एक ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर आपस में फंस गए। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक अपने-अपने केबिन में फंस गए थे। क्रेन की सहायता से बस और ट्रक को अलग किया गया, जिसके बाद चालकों को बाहर निकाला जा सका। इस दुर्घटना में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक का उपचार जारी है। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया
बस में सवार पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस का नंबर MP 09 AB 6218 और ट्रक का नंबर RJ 11 GB 0281 बताया जा रहा है। हादसे के कारण NH-46 पर करीब साढ़े तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया। जाम में फंसे स्कूली छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए टोल प्लाजा के पिकअप वाहन का उपयोग किया गया। यहां पहले भी हो चुके हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरनखेड़ी के मोहराई गांव के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य के कारण सड़क को वन-वे कर दिया गया है। हालांकि, वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए स्पष्ट योजना और संकेतक उपलब्ध नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर पहले भी एक बस सहित पांच हादसे हो चुके हैं। कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि हादसे में मृत बस चालक का शव कोलारस मोर्चरी में रखवाया गया है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। पांच घायल यात्रियों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।



Source link