उज्जैन में 1000 बसों के थमेंगे पहिए: 2 मार्च से प्रदेशभर में निजी बसों का संचालन बंद करने की घोषणा, सुगम परिवहन योजना का विरोध – Ujjain News

उज्जैन में 1000 बसों के थमेंगे पहिए:  2 मार्च से प्रदेशभर में निजी बसों का संचालन बंद करने की घोषणा, सुगम परिवहन योजना का विरोध – Ujjain News




प्राइम रूट बस ऑनर्स एसोसिएशन (मप्र) ने 2 मार्च 2026 से प्रदेशभर में निजी बसों का संचालन बंद करने की घोषणा की है। यह निर्णय 22 फरवरी को सागर में हुई एक बैठक में लिया गया। संगठन का आरोप है कि सरकार की नई स्टेज कैरिज नीति, लगातार जारी हो रहे राजपत्र और करों में वृद्धि से बस ऑपरेटरों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। एसोसिएशन ने ‘सुगम परिवहन योजना’ को भी अव्यावहारिक और बोझिल बताया है। उनका कहना है कि यह योजना निजी बस संचालकों के हितों के खिलाफ है और इससे उनका व्यवसाय संकट में पड़ जाएगा। सागर में हुई बैठक में प्रदेशभर के बस ऑपरेटरों ने सर्वसम्मति से हड़ताल का फैसला किया। ऑपरेटरों ने आरोप लगाया कि लगातार नए राजपत्र जारी कर हर बार नए नियम लागू किए जा रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश जटिया ने कहा कि ‘सुगम परिवहन योजना’ का नाम भले ही सहज लगे, लेकिन व्यवहार में यह निजी बस ऑपरेटरों और यात्रियों दोनों पर आर्थिक दबाव डालेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के तहत बसों को लीज पर लेने और मौजूदा परमिट निरस्त करने जैसी बातें कही जा रही हैं, जो संचालकों के लिए अस्वीकार्य हैं। इसी विरोध के चलते उज्जैन जिले में भी लगभग 1000 बसों के पहिए थमने की आशंका है। एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर आज कलेक्टर कार्यालय में एक ज्ञापन भी सौंपा है।



Source link