शहडोल जिले के ब्यौहारी में सस्ते सामान का झांसा देकर ग्राहकों से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। ‘मोहना ट्रेडर्स’ नाम की दुकान का संचालक ग्राहकों से एडवांस पैसे लेकर फरार हो गया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, अब तक करीब 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है। ऐसे जीता ग्राहकों का भरोसा दुकान संचालक ने ठगी के लिए सोची-समझी रणनीति अपनाई। उसने पहले कुछ ग्राहकों को 20 से 30 प्रतिशत कम दाम पर सामान देकर उनका विश्वास जीता। इसके बाद उसने इलेक्ट्रॉनिक और घरेलू सामान आधी कीमत पर देने का लालच देना शुरू किया। इसके लिए शर्त रखी गई कि सामान की डिलीवरी से 12 दिन पहले पूरी राशि नकद या यूपीआई के माध्यम से जमा करनी होगी। पैसे जमा करने पर ग्राहकों को रसीद और ऑर्डर फॉर्म भी दिया जाता था। खुद को तमिलनाडु का रहने वाला बताया यह दुकान जनवरी 2026 में शुक्लान मोहल्ला स्थित एक कॉम्प्लेक्स में खोली गई थी। संचालक ने अपना नाम बकिया राज गुनसेकरन निवासी जिला शिवगंगा (तमिलनाडु) बताया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब सरस्वती मोहल्ला निवासी काजल द्विवेदी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने करीब 11 हजार रुपए जमा किए थे, लेकिन तय तारीख पर जब वह सामान लेने पहुंचीं तो दुकान पर ताला लटका मिला। पुलिस ने शुरू की तलाश दुकान बंद होने की जानकारी मिलते ही अन्य पीड़ित भी थाने पहुंचने लगे हैं। अब तक आधा दर्जन से अधिक लोग शिकायत दर्ज करा चुके हैं। थाना प्रभारी जिला उल हक ने बताया कि धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी द्वारा दिए गए दस्तावेज भी फर्जी हो सकते हैं। फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
Source link