पेटलावद-बदनावर मार्ग पर स्थित माही नदी पुल पर गुरुवार देर शाम चक्काजाम किया गया। भैंसोला निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। उन्होंने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। जानकारी के अनुसार, भैंसोला निवासी पंकज डामर 19 फरवरी को मान में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लौटते समय वे सड़क किनारे गंभीर हालत में बेहोश पाए गए। उन्हें तत्काल पेटलावद ले जाया गया, जहां से रतलाम रेफर किया गया। इलाज के दौरान गुरुवार दोपहर उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को गांव लाए और माही नदी पुल पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन और प्रदर्शनकारी इसे दुर्घटना मानने को तैयार नहीं थे। वे हत्या का मामला दर्ज कर जांच की मांग पर अड़े रहे। चक्काजाम के कारण मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पेटलावद एसडीओपी अनुरक्ति सबनानी, सारंगी चौकी प्रभारी दीपक देवरे और बदनावर की भैंसोला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और संदिग्ध लोगों के नाम लेकर मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे शव को उठाकर परिजन घर ले गए। वीडियो नहीं हो रही पुष्टि इस घटना से संबंधित एक महत्वपूर्ण फुटेज सामने आया है। घटना के समय रास्ते से गुजर रहे एक वाहन के डैशबोर्ड कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में एक बाइक कार से पीछे से टकराती हुई दिख रही है। पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है। आश्वासन पर माने परिजन भैंसोला चौकी प्रभारी हिना जोशी ने बताया कि मृतक भैंसोला का रहने वाला था, लेकिन घटना झाबुआ जिले में हुई थी। उन्होंने पुष्टि की कि जाम खुल गया है और झाबुआ जिले की पुलिस को जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
Source link