Last Updated:
Jabalpur Holi Bazar: पिचकारियों और मुखौटों की ऐसी अनूठी रेंज आई है कि बच्चे तो क्या, बड़े भी अपनी नजरें नहीं हटा पा रहे हैं. बाजार में इस बार बेलन पिचकारी, त्रिशूल पिचकारी, हथोड़ा पिचकारी, छाता पिचकारी, पेंसिल और सिगरेट पिचकारी जैसी दर्जनों नई वैरायटी उपलब्ध हैं.
Jabalpur News: रंगों के त्योहार होली की खुमारी अब संस्कारधानी जबलपुर के बाजारों में साफ नजर आने लगी है. जबलपुर का प्रसिद्ध ‘गलगला बाजार’, अपने थोक व्यापार के लिए जाना जाता है, इस समय पूरी तरह से होली के रंगों और खिलौनों से पट चुका है. इस बार बाजार में न केवल रंगों की बौछार है, बल्कि पिचकारियों और मुखौटों की ऐसी अनूठी रेंज आई है. जिससे बच्चे तो क्या, बड़े भी अपनी नजरें नहीं हटा पा रहे हैं. इस बार बच्चों के लिए बाजार में ‘iPhone’ और ‘बेलन’ पिचकारी की एंट्री हुई है.
गलगला के व्यापारी राहुल नामदेव ने बताया, पिछले साल की तुलना में इस बार मार्केट काफी जल्दी रफ्तार पकड़ चुका है. होली से एक हफ्ते पहले ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी. इस साल बच्चों के बीच ‘iPhone पिचकारी’ सबसे बड़ी हिट साबित हो रही है. मोबाइल फोन की शक्ल वाली यह पिचकारी बच्चों की पहली पसंद है. इसके अलावा, घरेलू और पारंपरिक डिजाइनों को भी आधुनिक टच दिया गया है. बाजार में इस बार बेलन, त्रिशूल, हथोड़ा, छाता, पेंसिल और सिगरेट पिचकारी जैसी दर्जनों नई वैरायटी हैं. इनकी सेल जबरदस्त हो रही है.
थोक भाव में ₹5 से लेकर ₹1500 तक की पिचकारी
कीमतों की बात करें तो गलगला बाजार हर वर्ग के लिए मुफीद है. व्यापारी ने बताया पिचकारियों की शुरुआती कीमत महज 5 रुपये से है, जबकि प्रीमियम और बड़ी पिचकारियों के दाम 1500 रुपये तक जा रहे हैं. ये दरें थोक की हैं, यही वजह है कि शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी फुटकर व्यापारी और आम जनता भारी मात्रा में खरीदारी करने पहुंच रही है.
शेर और बंदर के मास्क की भारी डिमांड
रंगों और पिचकारियों के अलावा इस बार ‘हुरियारों’ के लिए खास इंतजाम हैं. गले में पहनने वाली मुंडों की माला और डरावने व मजाकिया मास्क की भी बड़ी रेंज बाजार में मौजूद है. लायन मास्क और मंकी मास्क की सप्लाई सबसे ज्यादा हो रही है. युवाओं और बच्चों में इन मुखौटों को पहनकर होली खेलने का जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है.
पूरे महाकौशल में ये बाजार फेमस
जैसे-जैसे होली के दिन नजदीक आ रहे हैं, गलगला बाजार का नजारा किसी मेले जैसा होता जा रहा है. व्यापारी राहुल नामदेव का कहना है कि मार्केट में आई इस जल्दी चहल-पहल से व्यापारी वर्ग काफी उत्साहित है. जबलपुर का यह बाजार न केवल अपनी वैरायटी के लिए, बल्कि वाजिब दामों के लिए भी पूरे महाकौशल क्षेत्र में प्रसिद्ध है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें