रिपोर्ट- अजहरूद्दीन खान, सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी शहर के पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप में विवाद की घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि दरमियानी रात पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने आए दो युवकों में से एक ने बाइक पर बैठकर सिगरेट जला ली. जैसे ही कर्मचारी की नजर युवक पर पड़ी, उसने तुरंत युवक को थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और झड़प शुरू हो गई. मौके पर पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने भी युवक की पिटाई कर दी. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है कि समय रहते हस्तक्षेप नहीं होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.