टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में मां-बेटा घायल हो गए। लिधौरा रोड पर एक अंधे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। यह घटना दोपहर करीब 1 बजे लिधौरा नगर के पास हुई। रौतेला निवासी नंदकिशोर रैकवार की पत्नी जानकी रैकवार और उनके बेटे शोभा रैकवार बाइक पर सवार थे। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर पड़े थे। डायल 112 चंदेरा में तैनात आरक्षक राजेश लोधी और पायलट देवी दयाल प्रजापति ने बताया कि वे दिगौड़ा पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर चंदेरा थाना जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने घायलों को देखा और तुरंत अपने वाहन से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। घायल मां-बेटा पृथ्वीपुर क्षेत्र के रौतेला गांव के रहने वाले हैं। वे अपनी रिश्तेदारी में ‘टीका’ की रस्म के लिए मुहारा गांव जा रहे थे। जिले में अंधे मोड़ों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ऐसे करीब 19 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए थे, जहां लगातार हादसे होते रहते हैं। आज की दुर्घटना भी एक अंधे मोड़ पर हुई।
Source link