मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर एक युवक से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित मुकेश साकेत (30) का दावा है कि पुलिस की पिटाई से उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। मामले को लेकर उसकी पत्नी अंजू साकेत ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि बदेरा थाना प्रभारी ने इन आरोपों को गलत बताया है। पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 मार्च 2026 की बताई जा रही है। उस शाम रामभजन प्रजापति और प्रमोद कोल ने बदेरा थाने में पारधी समुदाय के कुछ लोगों पर लूटपाट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया और अगले दिन 4 मार्च को उन्हें फिर थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान दोनों शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वे मुकेश साकेत के ईंट भट्ठे पर काम करते हैं और लूटा गया पैसा उन्होंने मुकेश से ही लिया था। इसके बाद बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने मुकेश साकेत को भी थाने बुलाया। युवक का आरोप-बोलेरो के पीछे ले जाकर पीटा मुकेश साकेत का आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे एक बोलेरो वाहन के पीछे ले जाकर बुरी तरह पीटा, जिससे उसका पैर टूट गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस घटना के चार चश्मदीद गवाह हैं और मेडिकल रिपोर्ट में भी पैर फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। थाना प्रभारी ने आरोपों को बताया निराधार वहीं बदेरा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि युवक शराब के नशे में थाने आया था। जब पुलिसकर्मी उसे मेडिकल जांच के लिए ले जा रहे थे, तब उसने छीनाझपटी की, उसी दौरान उसे चोट लगी। थाना प्रभारी ने कहा कि मारपीट का आरोप पूरी तरह गलत है।
Source link