अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत डोडिया गांव में एक पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला उसकी हत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार फिलहाल जबलपुर में चल रहा है। मेहमानी पर आई पत्नी को रास्ते में घेरा जानकारी के अनुसार, घायल महिला खेलन बाई नेताम तीन दिन पहले अपने मायके मौहारी गांव से राजेंद्रग्राम स्थित डोडिया गांव में अपने मामा राजू सिंह के घर मेहमानी पर आई थी। घटना की रात आरोपी पति सोहन सिंह (निवासी ग्राम मुंडा, उमरिया) वहां पहुंचा और शौच के बहाने पत्नी को घर से बाहर ले गया। सुनसान रास्ते पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सोहन ने पत्थर से खेलन बाई के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी बोला- पत्नी के इनकार से हुआ विवाद राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी पीसी कोल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सोहन सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह काम के सिलसिले में बेंगलुरु गया था, उस दौरान उसकी पत्नी अपने दो साल के बेटे के साथ किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी। बेंगलुरु से लौटने के बाद जब वह पत्नी को लेने ससुराल गया, तो उसने साथ आने से साफ इनकार कर दिया। इसी रंजिश के चलते उसने डोडिया गांव पहुंचकर पत्नी पर हमला किया। ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा पत्थर के हमले से महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी सोहन सिंह को पकड़कर उसकी धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला को पहले राजेंद्रग्राम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद अनूपपुर और शहडोल होते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। हत्या के प्रयास का केस फरियादी राजू सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सोहन सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।
Source link