गैस​ किल्लत की आहट: घरेलू गैस सिलेंडर 60 रु. महंगा, बिक्री 20% बढ़ी, अब 25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग – Sagar News

गैस​ किल्लत की आहट:  घरेलू गैस सिलेंडर 60 रु. महंगा, बिक्री 20% बढ़ी, अब 25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग – Sagar News




अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित आपूर्ति संकट की आशंका के बीच गैस सिलेंडर की मांग बढ़ गई है। घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रु. बढ़ने के साथ ही तेल कंपनियों ने रिफिलिंग और नए कनेक्शन के नियमों में भी बदलाव कर दिए हैं। कमी होने की आशंका में गैस एजेंसियों पर बिक्री पिछले कुछ दिनों से 20% तक बढ़ गई है। एजेंसी संचालकों के अनुसार कंपनियों ने रिफिलिंग के अंतराल को 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन तक कर दिया है। यदि बुकिंग हो भी जाती है, तो बिल जारी नहीं होंगे। बुकिंग का आंकलन उपभोक्ता की पिछली बुकिंग के हिसाब से किया जाएगा। वहीं कुछ गैस एजेंसियों ने 2 सिलेंडर वाले घरेलू गैस कनेक्शन देना बंद कर दिए हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से न एजेंसी संचालक और न ही तेल कंपनियों के अधिकारी इसकी पुष्टि कर रहे हैं। उनका कहना है कि गैस और डीजल-पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक है। न सप्लाई पर कोई असर आया है और न ही कटौती की जा रही है। बुकिंग को लेकर भी भ्रम की स्थिति एजेंसियों और कंपनियों के अलग-अलग निर्देशों के कारण उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कहीं 21 दिन, कहीं 25 दिन तो किसी कंपनी द्वारा 1 माह के अंतराल से गैस रिफिलिंग की बात की जा रही है, लेकिन उपभोक्ताओं का कुछ और ही कहना है। इंडेन कंपनी के उपभोक्ता विनय शुक्ला ने बताया कि जिस टोल-फ्री नंबर से हमेशा बुकिंग करते थे, शनिवार को वह अनुपलब्ध मिला। हॉकर ने दूसरा टोल-फ्री नंबर दिया, जिस पर केवल मिस्ड कॉल से बुकिंग होती है, उससे भी बुकिंग नहीं हुई। वहीं एचपी कंपनी की उपभोक्ता श्रुति दुबे ने बताया कि उन्होंने ट्रोल-फ्री नंबर पर फोन किया तो मैसेज मिला कि 15 दिन के बाद बुकिंग होगी। 935.50 रु. का हुआ घरेलू सिलेंडर सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 60 रु. और 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 114 रु. बढ़ा दी है। इसके बाद सागर में घरेलू सिलेंडर की नई कीमत 875.50 रु. से बढ़कर 935.50 रु. और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 1828.50 रु. से बढ़कर 1942.50 रु. हो गई है। नए दाम 7 मार्च से लागू कर दिए गए हैं।
सागर जिले में एलपीजी की स्थिति घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी बढ़ने की आशंका शहर की कुछ एजेंसियों पर चस्पा पम्पलेट में कहा गया है कि घरेलू एलपीजी गैस के भविष्य में संभावित संकट को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक आदेश जारी कर देशभर में कमर्शियल और इंडस्ट्रियल एलपीजी गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगा दी है। सभी प्राइवेट रिफाइनरी केवल सरकारी कंपनियों को ही गैस सप्लाई करेंगी। एक मोबाइल नंबर से एक महीने में एक ही सिलेंडर दिया जाएगा। कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई रोकने का असर सीधे होटल, रेस्तरां आदि पर पड़ेगा। ऐसे में घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पेट्रोल-डीजल : डिपो पर टैंकर बढ़े, सप्लाई का समय बढ़ाया नरयावली स्थित ऑयल डिपो पर पिछले दो दिन से पेट्रोल- डीजल सप्लायर टैंकरों की संख्या बढ़ गई है। इस कारण डिपो प्रबंधन ने शनिवार को सप्लाई का समय भी बढ़ा दिया। इस डिपो से संभाग भर में पेट्रोल- डीजल की सप्लाई होती है। पेट्रोल- डीजल सप्लायर टैंकर यूनियन के सदस्य सचिन यादव ने बताया कि शनिवार को रात 8 बजे तक डिपो से सप्लाई जारी रही। जो पेट्रोल पंप मालिक अभी तक सिर्फ रोज की खपत के मुताबिक पेट्रोल- डीजल ले रहे थे, वे अब इनका स्टॉक भी करने लगे हैं। पेट्रोल पंप मालिकों को युद्ध के चलते इनके दामों में वृद्धि व इनकी सप्लाई प्रभावित होने का डर सता रहा है।
सागर जिला पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के सचिव सौरभ रांधेलिया ने बताया कि डिमांड के मुताबिक पेट्रोल- डीजल मिल रहा है। समय पर सप्लाई हो रही है। सेल्स में भी कोई इजाफा नहीं हुआ है। मांग भी नहीं बढ़ी है । उन्होंने बताया कि जिले में तीन सरकारी व दो प्राइवेट कंपनियों के कुल 110 पेट्रोल पंप हैं। लोग पैनिक की स्थिति न बनाएं, समय पर सप्लाई हो रही है।



Source link