खंडवा में रंग पंचमी के पावन अवसर पर रविवार को शहर में सामाजिक समरसता और उत्साह के साथ विशाल श्री दादाजी फाग यात्रा निकाली जाएगी। सकल हिंदू समाज, श्री दादाजी उत्सव समिति और हिंदू उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच नगर निगम तिराहे से शुरू होकर पार्वती बाई धर्मशाला तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने करीब 350 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। फाग यात्रा निकलने तक नगर निगम से पार्वती बाई धर्मशाला तक चार पहिया वाहनों की नो-एंट्री रहेगी, जबकि भारी वाहनों को शहर के अलग-अलग नाकों पर रोका जाएगा। इन मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा
फाग यात्रा नगर निगम टाउन हॉल से शुरू होकर घंटाघर, बांबे बाजार, केवलराम चौराहा, रेलवे स्टेशन, दूधवाली गली होते हुए पार्वती बाई धर्मशाला पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। प्रभारी आरआई धरम जमोद के अनुसार यात्रा मार्ग और शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला पुलिसकर्मी भी सादी वर्दी में तैनात रहकर निगरानी करेंगी। 200 फीट तक उड़ेगा गुलाल, फूलों की होगी बारिश
फाग यात्रा में इस बार विशेष आकर्षण रहेगा। हाई प्रेशर मशीन से करीब 200 फीट तक गुलाल उड़ाया जाएगा। इंदौर की विशेष तोप से टेसू, हल्दी, पलाश, चुकंदर जैसे प्राकृतिक रंगों और फूलों की वर्षा की जाएगी। इसके अलावा टैंकरों में लगाए गए फव्वारों से यात्रा में शामिल लोगों पर रंगों की बौछार होगी। यात्रा में राधा-कृष्ण की झांकी, आदिवासी नृत्य दल, भजन मंडली, डीजे, बैंड और ढोल-ताशे भी शामिल रहेंगे। लोकगायक आनंदीलाल भावेल देंगे प्रस्तुति
फाग यात्रा में प्रसिद्ध लोकगायक आनंदीलाल भावेल अपनी मंडली के साथ शामिल होंगे। वे अपने लोकप्रिय गीत “काका बाबा ना पोरिया रे” सहित आदिवासी और होली के गीतों की प्रस्तुति देंगे। करीब 30 कलाकारों की टीम आदिवासी नृत्य प्रस्तुत करेगी। यात्रा की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों और मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस की मोबाइल वैन लगातार गश्त करेगी, जबकि वज्र और व्योम वाहन भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। नशामुक्त रहेगी यात्रा
श्री दादाजी फाग उत्सव समिति के अध्यक्ष अखिलेश गुप्ता, सचिव मदन भाऊ ठाकरे और कोषाध्यक्ष ईश्वर डिंडोरे ने बताया कि फाग यात्रा पूरी तरह नशामुक्त रहेगी। यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर हुड़दंग या विवाद करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रा में आने वाले लोगों के लिए वाहनों की पार्किंग पुरानी अनाज मंडी और गांधी भवन में की गई है। समिति और शहर के सामाजिक संगठनों ने नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर रंगों के इस उत्सव को मिल-जुलकर मनाने की अपील की।
Source link