Last Updated:
Sidhi News: बिजली विभाग रामपुर नैकिन के ऑपरेटर अजय द्विवेदी ने लोकल 18 से कहा कि हाथियों की लगातार गतिविधि को देखते हुए जुड़ा नाला से लेकर घटोखर तक जंगल से सटे करीब 13 गांवों की बिजली अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों की मौजूदगी ने एक बार फिर प्रशासन और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है. सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग और बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर 13 गांवों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी है. रविवार को हाथियों की मूवमेंट की पुष्टि होने के बाद यह निर्णय लिया गया ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके. वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, रामपुर नैकिन क्षेत्र के जंगलों में हाथियों का एक दल लगातार विचरण कर रहा है. हाथियों की गतिविधि की सूचना मिलते ही प्रशासन ने आसपास के ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है. ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.
बिजली विभाग रामपुर नैकिन के ऑपरेटर अजय द्विवेदी ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि हाथियों की लगातार गतिविधि को देखते हुए जुड़ा नाला से लेकर घटोखर तक जंगल से सटे लगभग 13 गांवों की बिजली अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. इनमें मल्देवा, पड़खुरी, कुड़िया, आमडांड़, बसेड़ी, लोढ़ौटा, झांझ और घटोखर सहित आसपास के कई गांव शामिल हैं. वन विभाग और प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अनावश्यक बिजली का उपयोग न करें और सावधानी बरतें क्योंकि रोशनी और अन्य गतिविधियों से जंगली जानवर गांवों की ओर आकर्षित हो सकते हैं. यदि स्थिति सामान्य रहती है, तो बिजली आपूर्ति को आंशिक या पूर्ण रूप से बहाल किया जा सकता है लेकिन हाथियों की गतिविधि बढ़ने पर बिजली फिर से बंद की जा सकती है.
पिछले कई दिनों से सक्रिय हाथियों का दल
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथियों का यह दल पिछले कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है. इससे पहले यह दल रामपुर नैकिन क्षेत्र से मऊगंज जिले की सीमा की ओर चला गया था लेकिन बाद में मार्ग बदलकर फिर से उसी इलाके में लौट आया है. हाथियों की इस आवाजाही के कारण प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है. डिप्टी रेंजर राजनेश सिंह ने लोकल 18 को बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है. विभाग की कोशिश है कि हाथियों को जंगल की ओर ही रोका जाए और वे रिहायशी इलाकों में प्रवेश न करें. इसके लिए वन अमला लगातार गश्त कर रहा है और ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
दो दिनों के लिए बिजली बंद
गौरतलब है कि इससे पहले 22 फरवरी को भी हाथियों की मौजूदगी के कारण प्रशासन ने 25 गांवों की बिजली करीब दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दी थी. उस समय हाथियों का दल सीधी से मऊगंज जिले की ओर चला गया था लेकिन लगभग दो सप्ताह बाद यह फिर से रामपुर नैकिन क्षेत्र में लौट आया है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.