भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीत लिया। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही मंदसौर जिले में भी जश्न का माहौल बन गया। शहर से लेकर गांव तलक क्रिकेट प्रेम
.
सड़कों पर उतरे क्रिकेट फैंस, तिरंगा लहराकर लगाए जयकारे
भारत की जीत की खबर मिलते ही मंदसौर शहर के साथ सीतामऊ, मल्हारगढ़ और शामगढ़ सहित जिले के कई इलाकों में लोग सड़कों पर उतर आए। युवाओं ने पटाखे फोड़े, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
शहर के गांधी चौराहे पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी जिसमें हजारों की तादात में खेल प्रेमी एकत्रित हुए और मैच का लुत्फ़ उठाया। कई स्थानों पर युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाए। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। लोगों ने इसे पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया।
लगातार दूसरी बार जीता टी-20 वर्ल्ड कप
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। खास बात यह रही कि भारतीय टीम लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गई है। इसके साथ ही पहली बार किसी मेजबान टीम ने भी टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है।
फाइनल में भारत का दमदार प्रदर्शन
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 159 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज की।
भारत की इस जीत के साथ टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में तीन बड़े रिकॉर्ड भी बने – टीम इंडिया ने फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड बनाया, यह भारत की टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी जीत है तो न्यूजीलैंड के लिए यह फाइनल मुकाबलों में सबसे बड़ी हार साबित हुई।
बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच, सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला। सैमसन ने 5 मैचों में 3 अर्धशतक की मदद से कुल 321 रन बनाए।
देर रात तक गूंजती रही जीत की खुशी
भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद मंदसौर जिले में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। हर तरफ टीम इंडिया की जीत की गूंज सुनाई देती रही और लोग एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि भारतीय टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक है।
देखें तस्वीरें






