भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर परचम लहरा दिया है. भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया. टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 में जिस दिलेरी के साथ खेलकर खिताब अपने नाम किया है, उससे पूरी दुनिया मुग्ध है. भारत ही नहीं, पूरी दुनिया से टीम इंडिया को बधाई मिल रही है. अव्वल तो टीम इंडिया का परफॉर्मेंस देख पाकिस्तानी खिलाड़ी भी गदगद हैं. जी हां, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भी गदगद हैं. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी भारतीय क्रिकेट टीम, मैनेजमेंट, और कोच गंभीर की जमकर तारीफ की है. शोएब भारतीय टीम के प्रदर्शन और टीम मैनेजमेंट की योजना से बहुत खुश नजर आए.
भारतीय टीम की जीत के बाद एक पाकिस्तानी चैनल के शो में विशेषज्ञ के रूप में मौजूद शोएब अख्तर ने कहा, ‘यह जीत भारत की नीति, सिस्टम और प्रतिभा की जीत है. गौतम गंभीर ने प्रतिभा का सम्मान किया. संजू सैमसन को टीम में लेकर आए, और उसने कमाल कर दिया. वह ऐसा खिलाड़ी है जिसकी टॉप ऑर्डर में टीम को जरूरत थी.’
शोएब अख्तर ने कहा- भारत की नीति जीती है
शोएब अख्तर ने कहा, ‘अभिषेक शर्मा अभी बच्चा है. उसे अभी काफी कुछ सीखना है, लेकिन सैमसन परिपक्व है. आज भारत की नीति जीती है. उन्होंने बताया है कि हम ठीक सोचते हैं और सही दिशा में सोचते हैं. हम सही लड़के को मौका देते हैं और कोशिश करते हैं कि लड़के ऊपर आकर खेलें और बेहतर करें.’
भारती क्रिकेट का परिणाम बेहतर
शोएब ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के बिना विश्व कप जीतकर भारतीय टीम ने अपनी क्षमता साबित कर दी. उन्होंने कहा कि मेरे मुताबिक भारतीय क्रिकेट जिस ऊंचाई पर जा रही है, जितना पैसा वहां मैदान पर, ट्रेनिंग पर, मशीनों पर, खिलाड़ियों पर खर्च हो रहा है, उसका परिणाम बेहतर ही होना है.
2027 के विश्व कप पर शोएब अख्तर ने क्या कहा?
शोएब अख्तर ने कहा, ‘भारत में सीनियर खिलाड़ियों को इज्जत दी जाती है. उन्होंने अपने तीनों विश्व विजेता कप्तानों (कपिल देव, एमएस धोनी और रोहित शर्मा) को बुलाया था, यह कितना सुंदर था. वे सभी जीत की खुशियां मना रहे हैं. भारत एक इकाई के रूप में विश्व कप जीत की खुशी मना रहा है. भारत को बहुत-बहुत मुबारक है. अगर 2027 का वनडे विश्व कप आज मिलता है तो आज ही लेलें.’
कब है वनडे वाला विश्व कप?
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में 2027 में वनडे विश्व कप होना है. रोहित शर्मा और विराट कोहली की भी वनडे विश्व कप में खेलने की पूरी संभावना है, जो टीम इंडिया को और ताकत देगी. इस बीच सूर्य कुमार यादव अपने अगले टारगेट पर फोकस कर चुके हैं. उनका अगला टारगेट ओलिंपक में जीत हासिल करना है.