दाढ़ा गांव में किसान पर बंदरों का जानलेवा हमला: रीवा- व्यक्ति के शरीर पर घाव; जानवरों का झुंड फसलें खराब कर रहा – Rewa News

दाढ़ा गांव में किसान पर बंदरों का जानलेवा हमला:  रीवा- व्यक्ति के शरीर पर घाव; जानवरों का झुंड फसलें खराब कर रहा – Rewa News




रीवा जिले के जनेह थाना क्षेत्र अंतर्गत दाढ़ा कला गांव में बंदरों के आतंक का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां खेत में काम कर रहे एक किसान पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक ग्राम दाढ़ा कला निवासी हरिकेश कुमार सिंह पटेल (पिता धर्मपाल सिंह) खेत की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें अकेला पाकर बंदरों का झुंड अचानक उन पर टूट पड़ा। बंदरों ने किसान को कई जगह काट लिया और नाखूनों से हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर पर गहरे जख्म हो गए। हमले के बाद घायल किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बंदरों को भगाया। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने घायल हरिकेश कुमार सिंह पटेल को तुरंत इलाज के लिए चंद्रपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार किसान के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दाढ़ा कला सहित आसपास के गांवों में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। बंदरों के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं और कई बार किसानों पर हमला भी कर देते हैं। ऐसे में किसानों के लिए खेती करना मुश्किल होता जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर बंदरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल घायल किसान का इलाज जारी है और पूरे गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।



Source link