Sagar News: मध्य प्रदेश में सागर जिले के राहतगढ़ से खिमलासा तक के मार्ग को फोरलेन किया जाएगा. इसके लिए 500 करोड़ रुपये खर्चा किए जाएंगे. इस सड़क को बनाने के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव भी घोषणा कर चुके हैं. जब यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी, तब एक नगर पालिका, दो नगर परिषद और करीब 20 गांव के लोगों को बड़ा फायदा होगा. साथ ही यहां पर जमीनों के दाम भी बढ़ेंगे. पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा.
राहतगढ़-खिमलासा रोड के फोरलेन होने से कृषि के क्षेत्र में भी नई क्रांति आने की उम्मीद है. सड़क किनारे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट, कॉलोनी विकसित होने से क्षेत्र की आर्थिक उन्नति होने के कयास लगाए जा रहे हैं. क्षेत्र के लोग इस सड़क के जरिए भोपाल, झांसी तक आरामदायक और आसान सफर कम समय में तय कर सकेंगे. इतना ही नहीं, यह फोरलेन सागर-भोपाल नेशनल हाईवे, बीना-सागर नेशनल हाईवे और कश्मीर से कन्याकुमारी जाने वाले नेशनल हाईवे से भी कनेक्ट होगा.
वर्तमान में इतनी घटिया सड़क
राहतगढ़ से खुरई तक जाने के लिए अभी 32 किलोमीटर की टू लेन सड़क है. खुरई से खिमलासा तक 18 किलोमीटर तो खिमलासा से माल्थोन तक 21 किलोमीटर की सड़क है. ये 67 किलोमीटर का रास्ता घटिया और गड्ढों वाला है. वर्तमान में इस पर दो और चार पहिया वाहन से चलने पर लोग परेशान हो जाते हैं. इस सड़क को पार करने में 2 से 3 घंटे का समय लग जाता है. पिछले 10-12 साल से इसको फोरलेन बनाने की मांग की जा रही थी. 2020 के बाद इस मांग ने जोर पकड़ लिया था. इसके बाद इसका सर्वे कराया गया था, जिसमें करीब 500 करोड़ का खर्च आ रहा है.
4 किलोमीटर घट जाएगी दूरी
योजना के अनुसार, पहले चरण में राहतगढ़ से लेकर खिमलासा तक करीब 49 किलोमीटर की सड़क बनाई जानी है. इसके बाद खिमलासा से माल्थोन तक का रोड बनेगी. यह पूरी सड़क बनने से राहतगढ़ से माल्थोन तक जाने में करीब 4 किलोमीटर की दूरी भी कम हो जाएगी. राहतगढ़, खुरई, खिमलासा, माल्थोन रोड फोरलेन बन जाने के बाद लोग ढाई घंटे का सफर एक घंटे में पूरा करने लगेंगे. इससे समय और ईंधन की बचत होगी. रास्ता करीब 35 गांव से होकर गुजरेगा.
इन इलाकों को होगा फायदा
राहतगढ़ से यह मार्ग शुरू होकर चंद्रपुरा, गड़ाघाट, झिला, बरोदिया नौनागिर, जरवांस, शब्दा, कठेली, मुकारम पुर, खुरई धांगर, तेवरा, पथरिया बौधा, पथरिया जैग्न, करमपुर, खिमलासा, गढोली जवाहर, लौगर, बम्होरी लाल, खिरिया कला, बेसरा अंडेला, माल्थोन तक जाएगा. इसमें राहतगढ़, बरोदिया नौनागिर और माल्थोन नगर परिषद हैं. खुरई नगर पालिका है, जिसका बजट ढाई अरब है.