दतिया जिले के गोराघाट में बुधवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की ‘संकल्प यात्रा’ के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया। बिना अनुमति के ग्वालियर की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन, आंसू गैस और हल्के लाठीचार्ज का उपयोग करना पड़ा। पुलिस ने करीब 100 लोगों को हिरासत में लेकर अस्थायी जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दामोदर यादव के नेतृत्व में यह यात्रा दतिया से ग्वालियर जा रही थी और गोराघाट में एक सभा प्रस्तावित थी। सवर्ण आर्मी की आपत्ति के बाद प्रशासन ने सभा और यात्रा दोनों की अनुमति रद्द कर दी थी। इसके बावजूद बुधवार दोपहर करीब 3 बजे 500 से अधिक कार्यकर्ता भीम आर्मी के बैनर तले गोराघाट की ओर बढ़ने लगे। स्थिति को देखते हुए सिंध नदी के गोराघाट पुल पर दतिया और ग्वालियर दोनों जिलों की पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। समझाइश के बाद भी नहीं माने, दागे गए आंसू गैस के 15-20 गोले पुलिस ने शुरुआत में भीड़ को रोककर समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। स्थिति आक्रामक होने पर पुलिस को वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के 15 से 20 गोले छोड़े गए और हल्का लाठीचार्ज भी किया गया। पुलिस ने मौके से करीब 100 लोगों को गिरफ्तार कर बसों के जरिए बड़ौनी स्थित अस्थायी जेल भेज दिया है। अन्य प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए मौके पर अतिरिक्त बसें भी मौजूद हैं। 15 थानों का पुलिस बल तैनात, सवर्ण आर्मी के पदाधिकारी नजरबंद प्रशासन ने इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। जिले के एसपी और तीन एसडीओपी सहित करीब 15 थानों की पुलिस अलग-अलग स्थानों पर तैनात है और स्थिति की निगरानी कर रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में इस यात्रा को डबरा (ग्वालियर सीमा) तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा। टकराव टालने के लिए असनई स्थित रामलाल मंदिर में सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों को भी एहतियातन नजरबंद कर दिया गया है। ग्वालियर हाईकोर्ट में अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने की है मांग नागपुर से शुरू हुई इस संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य 14 मार्च को ग्वालियर हाईकोर्ट पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाना है। हालांकि, दतिया में अनुमति रद्द होने के बाद हुए इस टकराव से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
Source link